बिंदुखत्ता उत्तरायणी कौतिक में सांस्कृतिक रंग, स्कूलों की नृत्य प्रतियोगिता ने मोहा मन

लालकुआं न्यूज़- जनता इंटर कॉलेज मेला मैदान, बिंदुखत्ता में आयोजित पांच दिवसीय उत्तरायणी कौतिक एवं मेला पूरे शबाब पर है। मेले के तीसरे दिन बुधवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की खास धूम देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने विशिष्ट अतिथि कांग्रेस नेता हरेंद्र बोरा, प्रमोद कॉलोनी एवं राजेंद्र खनवाल के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। यह पारंपरिक मेला 16 जनवरी तक चलेगा।
तीसरे दिन क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के बीच लोकनृत्य प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ, जिसमें हाट कालिका इंटर कॉलेज, दानू इंटर कॉलेज, डॉ. सुशीला तिवारी इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज, मानवता पब्लिक स्कूल, ग्रेट मदर टेरेसा स्कूल, सेंट ला मार्ट स्कूल सहित कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता आगामी तीन दिनों तक चलेगी।
प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक एवं सांस्कृतिक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं। वहीं उत्तराखंड संस्कृति एवं सूचना विभाग तथा सांस्कृतिक विभाग की टीमों के साथ-साथ क्षेत्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।
इस अवसर पर निबंध, चित्रकला, मेहंदी, कबड्डी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने अपने संबोधन में मकर संक्रांति एवं उत्तरायणी पर्व के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने मंच से स्वयं प्रसिद्ध लोकगीत “बेडू पाको बारो मासा” गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गणमान्य लोग रहे मौजूद
खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के दौरान मेला समिति के संरक्षक देवी दत्त पांडे, प्रबंधक प्रभात पाल, मेला अधिकारी अजय गर्बयाल, सचिव प्रेम दानू, कोषाध्यक्ष नवीन पपोला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद कॉलोनी, उपाध्यक्ष पुष्कर दानू, उपसचिव विजय सामंत, मीडिया प्रभारी विपिन जोशी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
आगे होंगे ये कार्यक्रम
मेला समिति के अध्यक्ष दीप चंद्र जोशी ने बताया कि 15 एवं 16 जनवरी को दिन में लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं समापन दिवस 16 जनवरी को भव्य स्टार नाइट का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध लोक गायक माया उपाध्याय, जितेंद्र तोमक्याल, अमित बाबू गोस्वामी, शेर सिंह दानू, दीक्षा तोमक्याल, चेतन पांडे सहित अन्य कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियां देंगे।








