भिकियासैंण ब्लॉक प्रमुख के भाई सतीश नैनवाल का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

भिकियासैंण/रानीखेत– भिकियासैंण के ब्लॉक प्रमुख और रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल के छोटे भाई सतीश नैनवाल का मंगलवार को निधन हो गया। उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और एम्स में उनका इलाज चल रहा था।
सतीश नैनवाल के निधन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके चाहने वालों और परिचितों में गहरा दुःख व्याप्त है। बताया गया है कि उनका पार्थिव शरीर देर रात तक उनके पैतृक निवास भतरोजखान पहुंचेगा। दिवंगत सतीश नैनवाल का अंतिम संस्कार बुधवार को बेतालघाट में किया जाएगा।
उनके निधन पर भिकियासैंण ब्लॉक क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। शोक व्यक्त करने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, ज्येष्ठ उपप्रमुख, कनिष्ठ उपप्रमुख सहित ब्लॉक समिति से जुड़े अन्य सदस्य शामिल हैं।
इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी शोक संवेदनाएं प्रकट की हैं। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।








