कोटद्वार विवाद से जुड़े दीपक कुमार को जान से मारने की धमकी, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

कोटद्वार में 26 जनवरी को दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के दौरान चर्चा में आए दीपक कुमार को अज्ञात व्यक्ति द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। धमकी सोशल मीडिया पर वीडियो के माध्यम से दी गई, जिसमें दीपक की हत्या करने वाले को दो लाख रुपये इनाम देने की भी घोषणा की गई है।
मामले को लेकर दीपक कुमार ने कोटद्वार कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में उन्होंने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो जारी कर उन्हें खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है, जिससे वह और उनका परिवार दहशत में है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर बढ़ा दी है।








