देहरादून: (बड़ी खबर) फर्जी तरीके से बने राशन, आधार, वोटर और आयुष्मान कार्ड धारकों पर कार्यवाही के निर्देश

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में फर्जी दस्तावेजों के खिलाफ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सख्ती रंग ला रही है। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में जिन व्यक्तियों ने गलत तरीके से राशन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, आयुष्मान कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेज प्राप्त किए हैं, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, इन दस्तावेजों को जारी करने में संलिप्त कर्मचारियों और एजेंटों पर भी कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में राज्यभर के जिलाधिकारी अब सक्रिय हो गए हैं। जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक जनपद पौड़ी में 961, बागेश्वर में 5307 और देहरादून में 3332 अपात्र राशन कार्डों को निरस्त किया जा चुका है। यह कार्रवाई प्रदेश में फर्जी लाभार्थियों की पहचान कर, सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से की जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि केवल पात्र लोगों को ही सरकारी सुविधाएं मिलें। उन्होंने यह भी कहा कि सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जनपद स्तर पर दस्तावेजों का गहन सत्यापन अभियान चलाया जाए।
प्रदेश में यह अभियान अब और अधिक तेज गति से चलाया जा रहा है, जिससे न केवल सरकारी राजस्व की बचत होगी, बल्कि जनकल्याणकारी योजनाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता भी बनी रहेगी।
