हल्द्वानी: नगर निगम ने अपनी दुकानों का किराया बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की, जल्द लागू होंगी नई दरें

हल्द्वानी नगर निगम अपनी स्वामित्व वाली दुकानों के किराये में वृद्धि की तैयारी कर रहा है। इसके लिए निगम प्रशासन ने प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है। वर्तमान में नगर निगम सीमा क्षेत्र में कुल 1250 दुकानें निगम की हैं जिन्हें किराये पर आवंटित किया गया है।
गौरतलब है कि वर्ष 2016-17 में इन दुकानों को चार जोन में बांटकर जोनवार किराया तय किया गया था। उस समय अधिकतम किराया 8 रुपये प्रति वर्गफुट प्रतिमाह तथा न्यूनतम 2 रुपये प्रति वर्गफुट प्रतिमाह निर्धारित किया गया था। बीते कई वर्षों से इन दरों में कोई संशोधन नहीं किया गया था।
इसी बीच शहरी विकास सचिव द्वारा जारी शासनादेश में स्थानीय निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि निकाय की स्वामित्व वाली संपत्तियों को बाजार दरों से कम किराये पर आवंटित न किया जाए। शासनादेश के अनुपालन में नगर निगम अब दुकानों का किराया बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, नई किराया दरें वर्तमान बाजार मूल्यों के अनुरूप तय की जाएंगी ताकि निगम की आय में वृद्धि हो सके और शहर में विकास कार्यों को गति मिल सके। किराया वृद्धि को लेकर जल्द ही विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर नगर निगम बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
दुकानदारों में भी इस संभावित वृद्धि को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। नगर निगम का कहना है कि किराया वर्षों से स्थिर है और बाजार दरों की तुलना में काफी कम है, इसलिए संशोधन आवश्यक हो गया है।








