उत्तराखंड में फिर बढ़ेगी गर्मी, अगले 2-3 दिनों में तापमान 3 डिग्री तक चढ़ने के आसार

देहरादून न्यूज़- जून की शुरुआत में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं के कारण उत्तराखंड में मौसम सुहावना बना रहा, लेकिन अब प्रदेश में एक बार फिर गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान मैदानों से लेकर पर्वतीय क्षेत्रों तक अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में वृद्धि का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। खासकर मैदानी जिलों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है। हालांकि, पर्वतीय जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे कुछ क्षेत्रों में आंशिक राहत मिल सकती है।
रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर चटक धूप खिली रही। तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का एहसास हुआ और दोपहर के समय तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के आसपास रहा। प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम का मिजाज लगभग इसी तरह बना रहा।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान सामान्य से नीचे चला गया था, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। लेकिन अब मौसम साफ होने और धूप तेज होने के कारण तापमान में फिर बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने पर सावधानी बरतने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।







