महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

लालकुआं न्यूज़- क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, इस अवसर पर तमाम मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया था, वहीं श्री हंस प्रेम योग आश्रम बिंदुखत्ता में महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया गया।
लालकुआं नगर स्थित अवंतिका कुंज देवी मंदिर को महाशिवरात्रि पर्व के चलते भव्य रूप से सजाया गया था, जहां सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा अर्चना की। इसके अलावा मुख्य बाजार स्थित शिव मंदिर, फलहारी बाबा मंदिर, श्री राम मंदिर, सेंचुरी पेपर मिल स्थित राधा कृष्ण मंदिर सहित क्षेत्र के तमाम मंदिरों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।
महाशिवरात्रि पर्व पर लोगों ने उपवास रखा तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों में भजन कीर्तन आदि चलते रहे। वहीं अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर में भी दिन भर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, तथा दोपहर बाद प्रसाद वितरण किया गया।
श्री हंस प्रेम योग आश्रम संजय नगर बिंदुखतृता में शिवरात्रि महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया, इस दौरान संगम के जल से जलाभिषेक हवन अनुष्ठान के बाद विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने किया गया।
मंदिर में सुबह ब्रह्म मुहूर्त से श्रद्धालुओं की लंबी -लंबी कतारें लगना शुरू हो गई, आश्रम के द्वारा संगम से लाये गए जल से जलाभिषेक किया गया, इस दौरान हवन अनुष्ठान भी किया गया, बाद में विशाल सद्भावना सत्संग सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें मानव उत्थान सेवा समिति के राष्ट्रीय संगठन सचिव महात्मा सत्यबोधानंद ने देवाधिदेव महादेव के अलंकार का वर्णन करते हुए उनकी महिमा का गुणगान किया, तथा बताया कि भगवान शिव का प्रत्येक अलंकार गंगा चंद्रमा भस्म धारण बाघंबरी त्रिशूल यह सभी संसार को जीवन की वास्तविकता का बोध कराते हैं, भगवान शिव के मस्तक पर चंद्रमा और जटाओं पर गंगा शीतलता एवं पवित्रता का प्रतीक है, उनके पास में स्थित नंदी बैल परिश्रम का प्रतीक है, बाघंबरी साहस का प्रतीक है, जबकि भस्म धारण मनुष्य को सीख देता है कि यह संसार नश्वर है, अतः अपने जीवन का सही उपयोग करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान महात्मा प्रचारिका बाई, सुमीता बाई, करुणा बाई, आभा बाई, मातंगी बाई, साध्वी सुमन बहन, मीना बहन, महात्मा आलोकानंद जी, महात्मा मानसानंद जी ने भी शिव तत्व पर विस्तार से वर्णन किया।
कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन रामबाबू मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य कमलेश चंदोला, हेमवती नंदन दुर्गापाल, राजेंद्र दुर्गापाल, प्रमोद कॉलोनी, कुंदन मेहता, राजेंद्र सिंह चौहान, हुकम सिंह कुंवर, श्याम सिंह नेगी, भास्कर भट्ट, लाखन सिंह मेहता, मोहित गोस्वामी, भुवन चंद्र भट्ट, भगवान दास वर्मा और स्वामीनाथ पंडित समेत हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मीडिया प्रभारी अजय उप्रेती ने किया।
