अप्रैल में बढ़ेंगे दूध के दाम, बोर्ड बैठक में होगा फैसला आँचल दुग्ध संघ की गोष्ठी में अध्यक्ष मुकेश बोरा का आश्वासन

लालकुआं न्यूज़– नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के तत्वावधान में चोरगलिया में दुग्ध उत्पादकों की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सर्दी के मौसम की समाप्ति के बाद अप्रैल माह से पूर्व दूध के मूल्य में वृद्धि की जाएगी, जिस पर शीघ्र ही बोर्ड बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख व जिलापंचायत सदस्य चिंतामणि चुफाल ने की, जबकि करन गंगोला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। गोष्ठी में 300 से अधिक दुग्ध उत्पादकों, जिनमें बड़ी संख्या में महिला दुग्ध उत्पादक शामिल थीं, ने प्रतिभाग किया।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध उत्पादकों के हित आँचल दुग्ध संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने बताया कि पशुओं की सर्पदंश अथवा अन्य कारणों से मृत्यु होने की स्थिति में संघ की ओर से मुआवजा प्रदान किया जाएगा, जिससे किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा। उन्होंने गुणवत्ता युक्त दुग्ध उत्पादन, समयबद्ध भुगतान और पारदर्शी व्यवस्था को संघ की पहचान बताया।
गोष्ठी के दौरान दुग्ध संघ के अधिकारियों ने उत्पादकों को संघ की विभिन्न योजनाओं, विपणन व्यवस्था और गुणवत्ता मानकों की जानकारी दी। महिला दुग्ध उत्पादकों ने अपनी समस्याएं अध्यक्ष के समक्ष रखीं, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया गया। साथ ही दुग्ध संग्रहण, पशु आहार, पशु स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने से संबंधित सुझाव भी साझा किए गए।
कार्यक्रम का संचालन पूरन चंद्र मिश्रा ने किया। इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल, गोविंद सिंह मेहता, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, एएच रमेश मेहता, विपिन तिवाड़ी, अवशीतन केंद्र प्रभारी शांति कोरंगा, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अर्जुन बिष्ट, बलवंत सिंह मेहता, ग्राम प्रधान गजेंद्र प्रसाद, ज्योति चोसाली, गीता बुधानी सहित बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत सदस्य, दुग्ध उत्पादक, सहकारी समिति पदाधिकारी एवं दुग्ध संघ के कर्मचारी उपस्थित रहे।








