उत्तराखण्डकुमाऊं,क्राइम

हल्द्वानी में पति ने पत्नी को लाठी से पीट-पीटकर किया अधमरा, इलाज के दौरान मौत; पुलिस को फोन कर बोला- तलवार लेकर दौड़ी थी

हल्द्वानी न्यूज़- काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के गौलापार में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद पति ने अपनी पत्नी पर लाठी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से महिला खून से लथपथ होकर फर्श पर बेसुध हो गई। गंभीर हालत में उसे सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय महिला ने दम तोड़ दिया।

 

 

घटना के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस को फोन कर सूचना दी। उसने पुलिस से कहा कि उसकी पत्नी तलवार लेकर उसे काटने के लिए दौड़ी थी, जिसके बाद उसने लाठी से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। मौके से एक तलवार भी बरामद की गई है।

 

 

खाना खाने के बाद शुरू हुआ विवाद

घटना काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के गौलापार स्थित देवला तल्ला पजाया की है। गुरुवार को किसान महेंद्र सिंह रावत और उसकी 45 वर्षीय पत्नी नीलम रावत के बीच दोपहर बाद किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि खाना खाने के बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्‍तराखंड में बढ़ रहा कोरोना संक्रमण, इन दो जिलों में मिले पांच नए मरीज

 

 

इसी दौरान गुस्से में आए महेंद्र ने पास पड़े डंडे से नीलम पर कई वार कर दिए। हमले में नीलम के सिर में गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ होकर फर्श पर बेसुध हो गई।

 

 

पत्नी को बेसुध देख घबराया पति, खुद पुलिस को दी सूचना

पत्नी को फर्श पर बेसुध पड़ा देखकर आरोपी पति घबरा गया। इसके बाद उसने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, फोन पर आरोपी ने दावा किया कि नीलम उसके पीछे तलवार लेकर उसे काटने के लिए दौड़ी थी। उसने बचाव में लाठी से वार करने की बात कही।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं नगर पंचायत कार्यालय में हंगामे के बाद सियासत गरम, अध्यक्ष लोटनी बोले— “छवि धूमिल करने की साजिश”

 

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भिजवाया।

 

 

एसटीएच से हायर सेंटर रेफर, रास्ते में मौत

एसटीएच में डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे हायर सेंटर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही नीलम ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद पुलिस ने मामले को हत्या के एंगल से जांचना शुरू कर दिया है।

 

 

नीलम थी महेंद्र की दूसरी पत्नी

एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र के अनुसार, आरोपी महेंद्र सिंह रावत पेशे से किसान है। नीलम उसकी दूसरी पत्नी थी। उसकी पहली पत्नी की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है। महेंद्र और नीलम का एक बेटा भी है।

 

 

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता था और कई बार मारपीट भी हो जाती थी।

यह भी पढ़ें 👉  बेतालघाट पंचायत चुनाव फायरिंग: थानाध्यक्ष निलंबित, सीओ भवाली पर विभागीय कार्यवाही की संस्तुति

 

 

मौके से तलवार बरामद, पति हिरासत में

पुलिस ने आरोपी पति महेंद्र सिंह रावत को हिरासत में ले लिया है। घटनास्थल से एक तलवार भी बरामद की गई है। आरोपी ने पुलिस को बताया है कि उसकी पत्नी पहले तलवार लेकर उसके पीछे दौड़ी थी और इसी दौरान उसने बचाव में लाठी से हमला किया।

 

 

हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।