नैनीताल: निजी अस्पतालों में आयुष्मान सुविधाएं होंगी स्पष्ट, गोल्डन कार्डधारकों के लिए CMO के सख्त निर्देश

नैनीताल न्यूज़- जिले के निजी चिकित्सालयों में आयुष्मान भारत योजना (गोल्डन कार्ड) के लाभार्थियों को बेहतर और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. रश्मि पंत ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। सभी निजी अस्पतालों को अस्पताल परिसर में आयुष्मान योजना के तहत उपलब्ध उपचार एवं सुविधाओं की स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ ने कहा कि कई बार आकस्मिक स्थिति में मरीज और उनके परिजन अस्पताल पहुंचने के बाद यह नहीं जान पाते कि संबंधित अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत कौन-कौन सी सेवाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में स्पष्ट सूचना उपलब्ध होने से लाभार्थियों को समय पर सही जानकारी मिलेगी और उपचार में अनावश्यक देरी नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि अस्पतालों में सूचना बोर्ड लगाए जाने से मरीजों और उनके परिजनों को मानसिक और आर्थिक परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही, अस्पताल और मरीजों के बीच गलतफहमी या विवाद की स्थिति भी काफी हद तक कम होगी।
इसके अलावा सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने सभी निजी चिकित्सालयों को निर्देशित किया है कि गोल्डन कार्ड धारक पेंशनर्स और वरिष्ठ नागरिकों को ओपीडी पंजीकरण में प्राथमिकता दी जाए। इससे बुजुर्ग मरीजों को लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलेगी और उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने उम्मीद जताई है कि इन निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन से आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को अधिक पारदर्शी, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।








