लालकुआं विधानसभा में कांग्रेस में नई हलचल — समाजसेवी प्रमोद कालौनी ने दिखाई 2027 की तैयारी, जनता के सहयोग से मैदान में उतरने का किया ऐलान

बिंदुखत्ता/लालकुआं- उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की सरगर्मी अब धीरे-धीरे तेज होने लगी है। भाजपा जहां संगठनात्मक मजबूती पर फोकस कर रही है, वहीं कांग्रेस खेमे में भी संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता बढ़ गई है। इसी कड़ी में बिंदुखत्ता के वरिष्ठ समाजसेवी प्रमोद कालौनी ने कांग्रेस से लालकुआं विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।
प्रमोद कालौनी ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि, “जनता के सहयोग और आशीर्वाद से मैं लालकुआं क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी तरह समर्पित हूं।”
उनके इस बयान के बाद क्षेत्र में राजनीतिक समीकरणों में नई सुगबुगाहट शुरू हो गई है।
तीन दशक की जनसेवा और संघर्ष की मिसाल
प्रमोद कालौनी का जनसेवा और संगठनात्मक सफर तीन दशकों से अधिक पुराना है। वर्ष 1986 में उन्होंने क्षेत्रीय भूमिहीन संगठन समिति के अध्यक्ष के रूप में जनसरोकारों की अलख जगाई।
इसके बाद 1990 में केंद्रीय भूमिहीन संगठन समिति के सदस्य बने और भूमिहीनों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती दी।
वर्ष 1999 में लालकुआं दुग्ध संघ के निदेशक चुने गए और 2002 में पुनः निर्विरोध उसी पद पर चुने गए। किसानों और दुग्ध उत्पादकों के बीच उन्होंने संगठन को नई दिशा दी।
इसके बाद राजनीतिक जिम्मेदारियों में आगे बढ़ते हुए वे 2008 में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिंदुखत्ता के महामंत्री, 2010 में भूमिहीन संघर्ष समिति के संगठन मंत्री, 2011 में कांग्रेस जिला प्रवक्ता, और 2018 में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बने। वर्तमान में वे 2023 से जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हैं।
—
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर
प्रमोद कालौनी की सक्रियता से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा दिखाई दे रही है। उनकी ईमानदार छवि, संगठनात्मक अनुभव, और जनसंपर्क की गहरी पकड़ उन्हें पार्टी के मजबूत चेहरे के रूप में उभार रही है।
सोशल मीडिया पर समर्थकों ने उनके पक्ष में अभियान भी शुरू कर दिया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रमोद कालौनी की दावेदारी से लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।
भाजपा-कांग्रेस दोनों में बढ़ी हलचल
हाल ही में भाजपा नेता दिपेंद्र कोश्यारी ने भी अपने जन्मदिन समारोह के दौरान आगामी चुनावों को लेकर संकेत दिए थे। ऐसे में कांग्रेस से प्रमोद कालौनी की दावेदारी ने मुकाबले को और रोमांचक बना दिया है।
दोनों ही दलों में कार्यकर्ता अब से ही 2027 के चुनावी अभियान की रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं।

