ओवरलोडिंग के खिलाफ आवाज उठाने पर जान से मारने की धमकी, जनप्रतिनिधियों ने कोतवाली में दी तहरीर

लालकुआं न्यूज़- क्षेत्र में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी को जान से मारने, अपहरण करने और घर में वाहन घुसाकर नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप लगा है।
मामले में जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों, छात्र नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली पहुंचकर एसएसआई दीपक बिष्ट को तहरीर सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
तहरीर के अनुसार, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए आबादी वाले संकरे मार्ग पर एक ओवरलोड डंपर रोका गया था। सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज व्यक्ति ने पीयूष जोशी को फोन पर गाली-गलौज करते हुए सीज वाहन पर लगे 60 से 65 हजार रुपये के जुर्माने की भरपाई करने का दबाव बनाया।साथ ही रास्ते में मिलने पर जानलेवा हमला करने, बांधकर उठा ले जाने और घर में दर्जनों वाहन घुसाकर संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से शीघ्र कार्रवाई करने और पीयूष जोशी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। एसएसआई दीपक बिष्ट ने निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे, कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख कमल भंडारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुम्का, प्रिंस भारद्वाज, सचिन फुलारा, कैलाश भट्ट, हिमांशु कुनियाल, कपिल राणा और विकास गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।










