उत्तराखण्डकुमाऊं,

कोहरे में हाईवे पर भिड़ीं तीन रोडवेज अनुबंधित बसें, 16 यात्री घायल; 90 से अधिक सवारियां सुरक्षित शिफ्ट

हल्द्वानी न्यूज़– दिल्ली और मेरठ के लिए रवाना हुई उत्तराखंड परिवहन निगम से जुड़ी तीन अनुबंधित बसें रविवार सुबह घने कोहरे के कारण अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसे का शिकार हो गईं। इन हादसों में कुल 16 यात्री घायल हो गए, जबकि 90 से अधिक सवारियों को दूसरी बसों में शिफ्ट कर सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही रुद्रपुर डिपो की टीएस इंदिरा भट्ट टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार हादसों की मुख्य वजह घना कोहरा और हाईवे पर कम दृश्यता रही।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ खाई में गिरी कार, 6 लोग घायल, पुलिस ने मौके पहुंचकर किया रेस्क्यू।

 

परिवहन निगम के मुताबिक, हल्द्वानी डिपो की एक अनुबंधित बस सुबह 6 बजे मेरठ के लिए रवाना हुई थी, जिसमें 40 यात्री सवार थे। वहीं काठगोदाम डिपो की बस 25 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए निकली थी। सुबह करीब 8:30 बजे मुरादाबाद के पास दलपतपुर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की एक बस हादसे का शिकार हो गई, जिसे सड़क से हटाने के लिए पुलिस ने ट्रैफिक रोका था।

 

कोहरे के कारण हाईवे पर दृश्यता बेहद कम थी, जिससे पीछे से आ रही गाड़ियां एक के बाद एक टकराती चली गईं। इसी दौरान मेरठ और दिल्ली जा रही दोनों रोडवेज अनुबंधित बसें भी हादसे की चपेट में आ गईं।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- (दुःखद) यहाँ दीवाली मना कर लौट रहे यात्रियों का वाहन गहरी खाई में गिरा, एक की मौत, पांच घायल

 

एआरएम हल्द्वानी संजय पांडे ने बताया कि इस हादसे में एक यात्री को हल्की चोट आई है। वहीं काठगोदाम एआरएम गणेश पंत के अनुसार उनकी बस में भी एक यात्री घायल हुआ।

 

इसी क्रम में तीसरी दुर्घटना सुबह करीब 9:30 बजे गजरौला के पास हुई, जहां रुद्रपुर डिपो की अनुबंधित बस सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े ट्राले से टकरा गई। इस बस में 27 यात्री सवार थे, जिनमें से 15 लोग घायल हो गए। हादसे में सीएनजी बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- मौसम विभाग ने प्रदेश भर में 15 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया, कही भूस्खलन तो कहीं बाढ़ जैसी स्थिति

 

सूचना मिलने पर चेकिंग में जुटी यातायात अधीक्षक इंदिरा भट्ट भी मौके पर पहुंचीं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अन्य बसों से आगे के लिए रवाना किया गया।

 

अनुबंधित सीएनजी बसों की मजबूती पर सवाल
दिल्ली जा रही दोनों बसें अनुबंधित सीएनजी थीं, जिनमें परिचालक रोडवेज का और चालक निजी बस स्वामी का होता है। निगम अधिकारियों का कहना है कि रोडवेज की अपनी बसों की तुलना में इन अनुबंधित सीएनजी बसों की बॉडी अपेक्षाकृत कमजोर होती है, जिस कारण टक्कर लगने पर नुकसान अधिक होता है।