उत्तराखण्डकुमाऊं,

भवाली बायपास पर दर्दनाक हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी महिंद्रा कार, 5 लोगों की मौत

नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भवाली बायपास रोड पर एक महिंद्रा कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी बताए जा रहे हैं।

 

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा दोपहर करीब 2:15 बजे हुआ। कार भवाली बायपास से गुजर रही थी, तभी चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे खाई में जा गिरी। खाई में गिरते समय वाहन एक बड़े पेड़ से टकरा गया, जिससे कार वहीं अटक गई। यदि कार पेड़ से नहीं टकराती तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।

यह भी पढ़ें 👉  एलबीएस कॉलेज में एक दिवसीय रोजगार परामर्श कार्यशाला आयोजित

 

 

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और पुलिस प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ और एसएसबी की टीमें मौके पर पहुंचीं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- (बड़ी खबर) यहाँ अवैध मदरसों पर चला धामी सरकार का बुलडोजर, जंगल में हो रहा था अवैध मदरसों का संचालन

 

खाई काफी गहरी और ढलान वाली होने के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। बचाव दल को रस्सियों के सहारे नीचे उतरना पड़ा। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने सभी शवों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

 

पुलिस के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर UP32QU1874 है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और पुलिस परिजनों से संपर्क करने में जुटी हुई है। वहीं हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार, वाहन में तकनीकी खराबी या चालक द्वारा नियंत्रण खोना हादसे की वजह मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  कैंची धाम बाईपास 15 जून 2026 तक होगा चालू, शिप्रा नदी पर अस्थायी बैली ब्रिज बनेगा

 

 

इस दर्दनाक हादसे पर पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश भी दिए।