हल्द्वानी- गौला नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत, 14 घंटे बाद मिले शव, मोटाहल्दू क्षेत्र में पसरा मातम

हल्द्वानी न्यूज- नैनीताल जिले के मोटाहल्दू क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बकुलिया निवासी दो किशोरों की गौला नदी में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चों के शव लगभग 14 घंटे की मशक्कत के बाद बुधवार सुबह गोताखोरों की मदद से बरामद किए गए। इस हृदयविदारक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
घटना का विवरण:
मंगलवार शाम करीब 5 बजे ग्राम बकुलिया निवासी अंकित भौर्याल (15 वर्ष), पुत्र दीवान सिंह भौर्याल और कृष दानू (15 वर्ष), पुत्र दरबान सिंह दानू घर से निकले थे। गर्मी से राहत पाने के लिए वे गौला नदी में नहाने गए थे, लेकिन देर शाम तक जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई।
परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल बच्चों की खोजबीन शुरू की। निवर्तमान ग्राम प्रधान विपिन चंद्र जोशी सहित ग्रामीणों ने पूरी रात खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह पुनः तलाशी अभियान चलाया गया, तब गौला नदी के किनारे दोनों किशोरों के कपड़े मिले, जिससे नदी में डूबने की आशंका गहरा गई।
इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई। कुछ देर की तलाश के बाद एक बच्चे का शव बरामद किया गया। इसके बाद करीब 11 बजे दूसरे किशोर का शव भी नदी से निकाला गया।
छात्र थे दोनों किशोर:
मिली जानकारी के अनुसार, अंकित कक्षा 9 का छात्र था जबकि कृष कक्षा 10 में पढ़ता था। दोनों मोटाहल्दू के एक निजी विद्यालय में पढ़ाई कर रहे थे।
शोक में डूबा क्षेत्र:
इस दर्दनाक हादसे से पूरे बकुलिया गांव सहित मोटाहल्दू क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बच्चों की मौत के बाद उनके परिवारों को उचित सहायता देने की मांग की है।
