उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तराखंड- यहाँ हुआ दर्दनाक हादसा: IIT रुड़की के MBA छात्र की गंगनहर में डूबने से मौत, हफ्तेभर बाद मिला शव

हरिद्वार न्यूज़- गंगनहर में नहाने के दौरान डूबे IIT रुड़की के MBA छात्र आशीष शुक्ला (29) का शव मंगलवार सुबह सर्च अभियान के दौरान बरामद कर लिया गया। आशीष मूल रूप से कंचनपुर, बनारस (उत्तर प्रदेश) के निवासी थे और IIT रुड़की में MBA द्वितीय वर्ष के छात्र थे। इस दर्दनाक घटना से परिवार, सहपाठियों और पूरे संस्थान में शोक की लहर है।

 

11 फरवरी को हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, आशीष 11 फरवरी को अपने दोस्तों के साथ हरिद्वार स्थित गंगनहर में नहाने गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे तेज बहाव में बह गए। साथी छात्रों ने उन्हें डूबता देख शोर मचाया, जिससे आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन गंगनहर के तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी और आशीष लापता हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- प्रदेश के सभी निकायों में इस तारीख तक होगा शपथ ग्रहण, शहरी विकास मंत्री ने दी जानकारी

 

बड़े स्तर पर चला सर्च ऑपरेशन
हादसे के बाद तुरंत पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आर्मी के जवानों और गोताखोरों ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू किया। तलाश के दौरान गंगनहर का पानी भी अस्थायी रूप से बंद कराया गया, लेकिन शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिल सकी।

 

16 फरवरी को एक बार फिर गंगनहर का पानी बंद कर व्यापक स्तर पर खोजबीन की गई। बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप (BEG) के जवानों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, आपदा प्रबंधन और जल पुलिस की टीमों ने बाल्मीकि घाट से आसफनगर झाल तक क्षेत्र को खंगाला। करीब 20 पेशेवर गोताखोरों समेत लगभग 100 सदस्यीय टीम लगातार अभियान में जुटी रही। इस दौरान एसएसपी ने स्वयं मोटर बोट के जरिए मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान की निगरानी की।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ दिल दहला देने वाली वारदात, 13 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या, ग्रामीणों का हाईवे जाम

 

मंगलवार सुबह मिला शव
लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद मंगलवार सुबह गंगनहर से एक शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान आशीष शुक्ला के रूप में हुई। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में इस दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित, बैंकों में भी रहेगा अवकाश

 

परिवार और साथियों में शोक
पिछले एक सप्ताह से आशीष के परिजन और सहपाठी गंगनहर किनारे किसी चमत्कार की उम्मीद में डटे हुए थे। शव बरामद होने की खबर मिलते ही IIT रुड़की परिसर और बनारस स्थित उनके घर में मातम पसर गया।

 

इस हृदयविदारक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगनहर जैसे तेज बहाव वाले स्थानों पर नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतें।