उत्तराखंड- यहाँ 24 महिलाओं के लाखों रुपये लेकर महिला फरार, कोतवाली में दी तहरीर

कोटद्वार न्यूज़– काशीरामपुर क्षेत्र में पंजीकृत चिट फंड के नाम पर महिलाओं से लाखों रुपये जमा कराने के बाद एक महिला के फरार होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोहल्ले की एक महिला ने खुद को पंजीकृत चिट फंड संचालक बताते हुए 24 महिलाओं से पांच से दस लाख रुपये तक की रकम कमेटी के नाम पर जमा कराई और अब न तो रसीद दे रही है और न ही पैसा वापस लौटा रही है।
मामले से आक्रोशित महिलाएं पूर्व सैनिक संघर्ष समिति के अध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह रावत की अगुवाई में कोतवाली पहुंचीं। उन्होंने कोतवाल प्रदीप नेगी को शिकायती पत्र सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
रसीद मांगने पर किया इनकार, पैसा लौटाने से भी मना
पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि विश्वास के आधार पर उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी उक्त महिला को सौंप दी। जब उन्होंने जमा धनराशि की रसीद मांगी तो महिला ने रसीद होने से ही इनकार कर दिया। बार-बार संपर्क करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर महिला ने गाली-गलौज की और साफ शब्दों में पैसा लौटाने से मना कर दिया। इसके बाद से वह फरार बताई जा रही है।
10 लाख तक की रकम फंसी, प्रशासन से लगाई गुहार
महिलाओं का कहना है कि कई लोगों की पांच से दस लाख रुपये तक की रकम फंसी हुई है, जो उनकी वर्षों की बचत है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई कर उनकी जमा पूंजी वापस दिलाने की मांग की है।
शिकायती पत्र देने वालों में शांति नेगी, मधु चौहान, सरोजनी नेगी, उषा पोखरियाल, कांति बिष्ट, नेहा नेगी, निर्मला जुयाल, सुशीला देवी, धनेश्वरी देवी, सीमा रावत समेत कुल 24 महिलाएं शामिल हैं।
कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि पीड़ितों से साक्ष्य उपलब्ध कराने को कहा गया है। साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








