उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, कल से चार दिन बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

देहरादून न्यूज़- प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम करवट ले सकता है। राज्य के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में बारिश, तेज गर्जना, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 28 मई के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
इसके अलावा 29 मई को मौसम और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज गर्जना, बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 30 और 31 मई के लिए भी राज्यभर में येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जिलों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने, आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड पर रखने और त्वरित कार्रवाई के लिए सभी संसाधनों को तैयार रखने को कहा गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें और आकाशीय बिजली तथा तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूरी बनाए रखें। साथ ही मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह भी दी गई है।








