उत्तराखंड में अगले तीन दिन बारिश का दौर, 14 सितंबर को सभी जिलों में यलो अलर्ट

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अगले तीन दिनों तक बदला रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अलग-अलग दिनों के लिए जिलों के अनुसार यलो अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है। गुरुवार को भी राज्य के 10 जिलों में बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद नैनीताल में कई जगह नाले उफान पर आ गए। कोटाबाग क्षेत्र में उफनते नाले को पार करने के दौरान एक निजी बस भी फंस गई।
12 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 12 सितंबर को देहरादून, बागेश्वर और उत्तरकाशी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है।
13 सितंबर को बागेश्वर-पिथौरागढ़ में भारी बारिश
13 सितंबर को बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर हो सकते हैं। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
14 सितंबर को सभी जिलों में यलो अलर्ट
14 सितंबर को मौसम का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बारिश के दौरान नदी-नालों और संवेदनशील स्थानों की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है।








