उत्तराखंड को मिली पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की सौगात, सीएम धामी ने गौलापार में किया शुभारंभ

हल्द्वानी न्यूज़- राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर उत्तराखंड को खेल के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। शनिवार, 29 अगस्त को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी के गौलापार में प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का शुभारंभ किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के पहले चरण के निर्माण कार्यों का शिलान्यास और भूमि पूजन भी किया गया।
कार्यक्रम में खेल मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय भट्ट समेत कई अधिकारी और खेल जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।
खिलाड़ियों को प्रदेश में ही मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के शुरू होने से उत्तराखंड के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, खेल विज्ञान और आधुनिक सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध हो सकेंगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करना है।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि आर्थिक परेशानी खिलाड़ियों की प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं बनने दी जाएगी। सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
32 हेक्टेयर में विकसित होगा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी परिसर
खेल सचिव अमित सिन्हा के अनुसार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का पूरा परिसर करीब 32 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। यहां 30 से अधिक खेल गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
विश्वविद्यालय के पहले चरण में करीब 12 हेक्टेयर भूमि पर प्रशासनिक भवन और दो हॉस्टल बनाए जाएंगे। फिलहाल नेशनल गेम्स के दौरान तैयार की गई इमारत में विश्वविद्यालय की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इस भवन में आठ क्लासरूम, मेस और गर्ल्स हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध है।
दो ग्रेजुएशन और आठ पीजी डिप्लोमा कोर्स शुरू
स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में फिलहाल दो ग्रेजुएशन और आठ पीजी डिप्लोमा कोर्स शुरू किए गए हैं। आने वाले समय में स्पोर्ट्स जर्नलिज्म और विभिन्न खेलों से जुड़े कोचिंग कोर्स भी शुरू करने की योजना है। इससे खेलों के साथ-साथ खेल प्रबंधन, पत्रकारिता और कोचिंग के क्षेत्र में भी युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को किया गया सम्मानित
स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं, मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी एवं प्रोत्साहन योजना के तहत चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति भी दी गई।
इसके अलावा वर्ष 2024-25 के देवभूमि खेल रत्न और देवभूमि द्रोणाचार्य पुरस्कार से खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।
पहले चरण के निर्माण पर खर्च होंगे 43.50 करोड़
स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के पहले चरण के निर्माण कार्यों के लिए सरकार ने 43.50 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। विश्वविद्यालय के संचालन के लिए कुलपति समेत 94 नियमित पदों को भी मंजूरी दी गई है।
सरकार का कहना है कि स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के माध्यम से उत्तराखंड के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे प्रदेश के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के नए अवसर मिलेंगे।








