देहरादून में बड़ा हादसा: बरसाती बहाव में बही क्रेटा कार, दो की मौत, एक युवती घायल अवस्था में रेस्क्यू

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात तेज बारिश के कारण बड़ा हादसा हो गया। थाना प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली स्थित पौंधा रोड पर कंडोली पुल के पास एक क्रेटा वाहन संख्या RJ 13 CE 5641 तेज बरसाती बहाव की चपेट में आकर बह गई। हादसे के वक्त कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF टीम डाकपत्थर के अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF जवानों ने प्रतिकूल परिस्थितियों और तेज बरसाती बहाव के बीच रात में ही सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
SDRF की टीम ने घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा को घायल अवस्था में रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
वहीं, सर्चिंग अभियान के दौरान कार में सवार अक्षय पुत्र मुकेश, उम्र 20 वर्ष, निवासी जयपुर, राजस्थान का शव बरामद किया गया। टीम को एक अन्य युवती का शव भी मिला है। दोनों शवों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
SDRF टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में पूरी रात सर्चिंग अभियान चलाया। तेज बरसाती बहाव और प्रतिकूल मौसम के बावजूद SDRF के जवान लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे रहे।
फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां घटना की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई हैं। हादसे ने एक बार फिर बरसात के दौरान नदी-नालों और पुलों के आसपास बढ़ते जलस्तर व तेज बहाव के बीच सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।








