उत्तराखण्डकुमाऊं,

नैनीताल में मौसम का ऑरेंज अलर्ट: बिजली, ओलावृष्टि और 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, नदी-नालों से दूर रहने की अपील

नैनीताल न्यूज़- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में 30 अक्टूबर को खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिले में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। मौसम के संभावित खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।

 

 

खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें

जिलाधिकारी ने आमजन से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी है। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को 24 घंटे मोबाइल फोन चालू रखने और कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को भी सक्रिय रखने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता क्षेत्रवासियों ने सौंपा तीन सूत्रीय मांग पत्र, चेताया आंदोलन की राह पकड़ने का

 

 

पहाड़ों में भूस्खलन और पेड़ गिरने का खतरा

तेज हवाओं और बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, पेड़ गिरने और सड़कों पर मलबा आने से यातायात बाधित होने की आशंका है। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी मशीनों और आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती 24 घंटे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ 40 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखा– “मुझसे बड़ी गलती हो गई”, पति से मांगी माफी

 

 

सड़कों पर मलबा आने या पेड़ गिरने से मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करते हुए यातायात सुचारु कराने को कहा गया है। इसके अलावा जिला, परगना और विकासखंड स्तर पर आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

क्यूआरटी को अलर्ट रहने के निर्देश

प्रशासन ने तहसील स्तर पर गठित त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) को भी अलर्ट पर रहने को कहा है। अधिकारियों को किसी भी आपदा या नुकसान की स्थिति में संबंधित नियंत्रण कक्ष को प्रत्येक घंटे सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हालात पर लगातार नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- इस विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां 30 नवंबर तक रद्द

 

 

आपदा की स्थिति में इन नंबरों पर दें सूचना

नैनीताल जिले में किसी भी आपात स्थिति या आपदा से संबंधित सूचना देने के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।

 

  • लैंडलाइन: 05942-231178
  • लैंडलाइन: 05942-231179
  • लैंडलाइन: 05942-231181
  • मोबाइल नंबर: 8272080884
  • टोल फ्री नंबर: 1077

 

मौसम विभाग के अनुसार 30 अक्टूबर को नैनीताल के अलावा चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में भी आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने, मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की है।