पिथौरागढ़ में SSB के हेड कॉन्स्टेबल ने होटल में की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में सीमा सुरक्षा बल (SSB) के एक हेड कॉन्स्टेबल द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान पंजाब निवासी 41 वर्षीय हुसन लाल के रूप में हुई है, जो SSB की 11वीं वाहिनी डीडीहाट में तैनात थे। उनका शव 21 मार्च को पिथौरागढ़ के एक होटल के कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिला, हालांकि घटना की जानकारी बाद में सामने आई।
होटल स्टाफ के अनुसार, हुसन लाल पिछले तीन दिनों से होटल में ठहरे हुए थे। शनिवार रात जब एक कर्मचारी उन्हें पानी देने कमरे में पहुंचा, तो दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, जवान को पंखे से लटका देख उसके होश उड़ गए। तुरंत इसकी सूचना होटल मालिक और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही डीडीहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हुसन लाल ने मफलर का फंदा बनाकर आत्महत्या की।
बताया जा रहा है कि हुसन लाल 18 मार्च को पंजाब से छुट्टी पूरी कर डीडीहाट लौटे थे, लेकिन उन्होंने ड्यूटी जॉइन नहीं की और होटल में ही रहने लगे। इस दौरान वह मानसिक रूप से परेशान नजर आ रहे थे और अपने साथियों से भी बातचीत नहीं कर रहे थे।
घटना की सूचना SSB के अधिकारियों को भी दे दी गई, जिसके बाद उप सेनानी जय प्रकाश समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर जिले के बलाचौर तहसील स्थित टकारला गांव के रहने वाले थे और उनकी तैनाती नेपाल सीमा के पास थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। सीओ केएस रावत ने बताया कि पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।








