लालकुआं में कच्ची शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, बाइक से 134 पाउच लेकर जा रहा तस्कर गिरफ्तार

लालकुआं न्यूज़- लालकुआं, बिंदुखत्ता और बरेली रोड क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत लालकुआं पुलिस ने बाइक से कच्ची शराब की तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 134 पाउच कच्ची शराब बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान सुभाष नगर पुलिस बैरियर, लालकुआं के पास पुलिस ने एक बाइक सवार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक पर रखे सफेद प्लास्टिक के कट्टे से 134 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी की पहचान बंटी पुत्र जीत सिंह, निवासी तुमरिया डैम नंबर-1, चंद्रनगर, मलधनचौड़, थाना रामनगर, नैनीताल के रूप में की है। आरोपी के पास से शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हीरो HF Deluxe बाइक (UK18Q5328) भी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी बंटी ने पुलिस को बताया कि वह बरामद कच्ची शराब बिंदुखत्ता निवासी सूरज नाथ गोस्वामी के लिए ले जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने यह भी बताया कि इससे पहले भी वह सूरज गोस्वामी को कई बार कच्ची शराब बिक्री के लिए दे चुका है। पुलिस ने शराब तस्करी से संबंधित साक्ष्य मिलने का दावा करते हुए सूरज नाथ गोस्वामी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना लालकुआं में FIR संख्या 135/26, धारा 60/69बी/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी बंटी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक गौरव जोशी प्रभारी चौकी बिंदुखत्ता, कांस्टेबल प्रहलाद सिंह, कांस्टेबल दयाल नाथ और कांस्टेबल वीरेन्द्र रौतेला शामिल रहे।







