उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तराखंड- यहाँ हुआ दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने मजदूर को 50 मीटर तक घसीटा, मौत के बाद फूटा लोगों का गुस्सा

देहरादून में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। वसंत विहार थाना क्षेत्र के कांवली रोड पर काम पर जा रहे एक दिहाड़ी मजदूर को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि डंपर चालक व्यक्ति को करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया और बीच सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया।

 

ढलान पर बेकाबू हुआ डंपर
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि खनन सामग्री से भरा डंपर कांवली रोड से सहारनपुर चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान ढलान पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े करीब 50 वर्षीय सकल देव साहनी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर उन्हें घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। इसके बाद डंपर ने एक पिकअप वाहन को भी टक्कर मार दी।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून-(बड़ी खबर) उत्तराखंड राज्य में पहुंचा मानसून, अगले 6 दिनों में इन जिलों में भारी बारिश का अर्लट जारी किया।

हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया।

सड़क पर उतरे लोग, डेढ़ घंटे तक लगा जाम
घटना के बाद स्थानीय लोगों और आसपास के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और कांवली रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर और लकड़ियां जलाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक यातायात ठप रहा।

 

इस दौरान गुस्साए लोगों ने डंपर के शीशे भी तोड़ दिए और पुलिस को काफी देर तक शव उठाने नहीं दिया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्दुचौड में क्रिकेटर आर्यन जुयाल ने किया आर जे क्रिकेट एकेडमी का उद्घाटन

 

मौके पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स
हंगामे और जाम की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। शहर कोतवाल हरिओम राज चौहान समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और यातायात बहाल कराया।

 

पुलिस ने बताया कि डंपर चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

 

बिहार का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान सकल देव साहनी के रूप में हुई है। उनके भतीजे जितेंद्र साहनी ने शव की पहचान की। पुलिस के मुताबिक सकल देव साहनी मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और परिवार के साथ देहरादून के कांवली रोड पर किराए के मकान में रहते थे। वह दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- एक और नगर पालिका की सीट हुई सामान्य

 

बताया जा रहा है कि उनके परिवार में पत्नी समेत चार बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी 19 साल की है, जबकि बेटा 17 साल का है जो हिमाचल प्रदेश में काम करता है। इसके अलावा दो छोटे बच्चे भी हैं। हादसे की सूचना मिलते ही बेटा हिमाचल से घर के लिए रवाना हो गया है।

 

इलाके में शोक और आक्रोश
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से खनन वाहनों की तेज रफ्तार पर सख्त कार्रवाई और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।