उत्तराखण्डगढ़वाल,

हरिद्वार में युवकों को अर्धनग्न कर हाईवे पर बेरहमी से पीटा, वायरल वीडियो के बाद 9 आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार न्यूज़- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में हाईवे पर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिडकुल थाना पुलिस ने मामले में 2 महिलाओं समेत 9 आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि विवाद के दौरान दो युवकों को सड़क पर गिराकर बेल्ट, लात-घूंसों और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।

 

 

मामूली बात से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, घटना 27 अगस्त की है। सिडकुल थाना क्षेत्र में एक युवक और युवती के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते मामूली विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में दोनों पक्ष सड़क पर आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

यह भी पढ़ें 👉  (गजब) यहाँ प्रेमी पहुंचा विवाहिता प्रेमिका के घर मिलने, तभी घर आ गया पति, पत्नी बोली चोर है, पति ने कर दी प्रेमी की धुनाई, पढ़िये पूरा मामला

 

 

हाईवे पर चले लात-घूंसे, बेल्ट और लाठियां

वायरल वीडियो में मारपीट का दृश्य साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो में दो युवतियां एक युवक की शर्ट फाड़ने की कोशिश करती दिखाई देती हैं। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडे और बेल्ट लेकर वहां पहुंच गए और हमला कर दिया।

 

 

बताया जा रहा है कि दो युवकों को बीच हाईवे पर गिराकर लातों, घूंसों और बेल्टों से बुरी तरह पीटा गया। वीडियो में कुछ युवक एक युवक के चेहरे पर लात मारते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। वहीं, दूसरे पक्ष के लोग एक युवक की शर्ट फाड़ने के बाद उसके साथ मारपीट करते नजर आए। इस दौरान दो लड़कियां एक युवक को बचाने का प्रयास करती हुई भी दिखाई दीं।

 

 

राहगीरों ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

हाईवे पर सरेआम हुई मारपीट के कारण वहां से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन झगड़ रहे लोग नहीं माने।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- 582 मलिन बस्तियां बचाने को आज कैबिनेट में आएगा प्रस्ताव, दिवाली बोनस पर भी हो सकता है फैसला

 

 

इसी दौरान किसी राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो तेजी से वायरल होने लगा, जिसके बाद पुलिस के संज्ञान में मामला पहुंचा।

 

 

चार दिन बाद पुलिस ने की कार्रवाई

बताया गया कि घटना के बाद किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। इसके बावजूद वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई शुरू की।

 

 

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और वायरल वीडियो व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मारपीट करने वाले लोगों की पहचान की। इसके बाद 31 अगस्त को पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत 2 महिलाओं समेत 7 पुरुषों को हिरासत में लिया।

 

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- आज देहरादून सहित इन आठ जिलों में पड़ सकती हैं तेज बौछारें

 

सिडकुल की कंपनियों में काम करते हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में शिवम, गौरव गुप्ता, गौतम कश्यप, शानू, शिवा कश्यप, ओम गुप्ता, सूरज और दो महिलाएं शामिल हैं। सभी आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर, हरदोई, लखीमपुर खीरी और सीतापुर जिले के निवासी बताए गए हैं और वर्तमान में सिडकुल क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में कार्यरत हैं।

 

 

कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर हुड़दंग मचाकर आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

 

 

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की हिंसा और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।