हल्द्वानी-लालकुआं में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, घी-बेसन-किशमिश के नमूने जांच को भेजे

हल्द्वानी न्यूज़- मिलावटी, असुरक्षित और मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने हल्द्वानी और लालकुआं क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर 31 अगस्त 2026 को विभागीय टीमों ने कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और विभिन्न खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने जांच के लिए लिए।
विभाग के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है।
हल्द्वानी में घी और किशमिश के नमूने लिए
हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान देशी घी और किशमिश समेत खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लिए गए।
रामपुर रोड स्थित श्री शिवशक्ति इंटरप्राइजेज से देशी घी का नमूना लिया गया, जबकि नल बाजार स्थित चिरंजीवीलाल के प्रतिष्ठान से किशमिश का नमूना जांच के लिए लिया गया।
निरीक्षण के दौरान किशमिश की पैकेजिंग और लेबलिंग नियमों के अनुरूप नहीं पाई गई। विभाग के अनुसार संबंधित कंपनी और डिस्ट्रीब्यूटर के खिलाफ मिसब्रांडिंग के मामले में चालानी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रस्तावित की गई है।
लिए गए विधिक नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लालकुआं और ग्रामीण क्षेत्रों में भी जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लालकुआं और हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। टीम ने कुल सात प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और बेसन का एक विधिक नमूना जांच के लिए लिया।
यह नमूना हरिपुर रतनसिंह क्षेत्र स्थित भट्ट जनरल स्टोर से लिया गया। इसके अलावा रामपुर-लालकुआं और सनेस मंडी क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें उच्च गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री बेचने और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।
रामनगर में भी चालानी कार्रवाई
विभाग के अनुसार 31 अगस्त को रामनगर क्षेत्र में भी दो खाद्य कारोबारियों के खिलाफ चालानी रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नैनीताल जिले में मिलावटी, असुरक्षित और नियमों के विपरीत पैकेजिंग एवं लेबलिंग वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








