सेंचुरी मिल परिसर में हरेला पर्व पर रोपे गए 5000 पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

लालकुआं न्यूज़- उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक पर्व हरेला इस बार सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल परिसर में एक ऐतिहासिक पहल के साथ मनाया गया। हरेला के शुभ अवसर पर मिल परिसर में 5000 से अधिक पौधों का भव्य पौधारोपण कर धरती को हरा-भरा रखने का संदेश दिया गया।
इस विशेष अभियान का शुभारंभ सेंचुरी मिल के सीईओ अजय गुप्ता और जिला उद्योग केंद्र, हल्द्वानी की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता के संयुक्त नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम सुबह 9 बजे विधिवत पूजा-अर्चना और संकल्प के साथ प्रारंभ हुआ, जिसमें अमलतास, कचनार, नीम, करौंदा, कनेर, गुलमोहर, अशोक सहित कई पर्यावरणीय दृष्टि से उपयोगी प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
प्राकृतिक संतुलन के लिए जरूरी है हरियाली – अजय गुप्ता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय गुप्ता ने कहा,
“हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी की याद दिलाने वाला दिन है। सेंचुरी मिल हर वर्ष बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाती रही है और इस वर्ष हमारा लक्ष्य 2 करोड़ पौधे रोपने का है।” उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल प्रतीकात्मक न रह जाए, इसके लिए आवश्यक है कि लगाए गए पौधों का नियमित संरक्षण और देखरेख भी की जाए।
जन-भागीदारी से ही बनेगा हरित उत्तराखंड – पल्लवी गुप्ता
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता ने कहा,
“हम सभी पर्यावरण और धरती मां के ऋणी हैं। हमें हरेला पर्व जैसे मौकों का उपयोग करते हुए बड़े स्तर पर वृक्षारोपण करना चाहिए। सेंचुरी मिल परिसर में आकर यह देखकर प्रसन्नता हुई कि 5000 पौधे रोपित किए जा रहे हैं। मैं समस्त प्रदेशवासियों से अपील करती हूं कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और धरती को फिर से हरा-भरा बनाएं।”
सामाजिक वानिकी विभाग का बड़ा लक्ष्य- नरेश चंद्रा
मिल के वाइस प्रेसिडेंट नरेश चंद्रा ने जानकारी दी कि सेंचुरी मिल के सामाजिक वानिकी और पर्यावरण विभाग ने इस वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में 2 करोड़ पौधे रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें फलदार, औषधीय और छायादार पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी।
अधिकारियों की सहभागिता
कार्यक्रम में सीईओ अजय गुप्ता, महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता के साथ मिल के वरिष्ठ अधिकारी सीओओ प्रणव शर्मा, सीएफओ महेन्द्र कुमार हरित, एचआर हेड संजय बाजपेयी, उपाध्यक्ष नरेश चंद्रा, संजय यादव, अनिल दुबे, राकेश कुमार, वंदना, सुष्मिता, चित्रा, जिला उद्योग केंद्र, हल्द्वानी की टीम से तृप्ति गुप्ता, सीमा बिष्ट, मोहित वाल्मीकि, प्रदीप सनवाल आदि भी उपस्थित रहे और सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
