उत्तराखंड में तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट: आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

देहरादून न्यूज़- भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड में आगामी तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 5 जून से 7 जून तक राज्य के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहेगा। कई जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग देहरादून के अनुसार 5 जून को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
विभाग ने पौड़ी, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में भी तेज बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।
इसके अलावा राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों के साथ हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।







