उत्तराखण्डकुमाऊं,

देहरादून में अर्जुन शर्मा हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा: दो सगे भाई शूटर गिरफ्तार, मुठभेड़ में लगे पैर में गोली; 15 लाख की सुपारी का खुलासा

देहरादून न्यूज़– तिब्बती मार्केट के बाहर दिनदहाड़े हुई अर्जुन शर्मा हत्याकांड में देहरादून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तड़के सुबह हुई दो अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 

गिरफ्तार आरोपी सगे भाई हैं और पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में 15 लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात सामने आ रही है, हालांकि सुपारी किसने दी, इसकी जांच अभी जारी है।

 

लाडपुर के जंगल में पहली मुठभेड़
रायपुर थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध लाडपुर के जंगल में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- (दुःखद) उत्तराखंड का एक और लाल देश की खातिर जम्मू कश्मीर के तंगधारा में हुए शहीद, क्षेत्र में शोक की लहर

 

 

लालतप्पड़ में दूसरी मुठभेड़
दूसरी कार्रवाई लालतप्पड़ क्षेत्र में हुई। चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार एक संदिग्ध पुलिस को देखकर भाग निकला और एक खंडर फैक्ट्री में जा छिपा। पीछा करने पर उसने भी पुलिस टीम पर फायरिंग की। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

 

अस्पताल में पूछताछ, दो तमंचे बरामद
दोनों घायलों को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी अजय सिंह स्वयं अस्पताल पहुंचे और पूरी कार्रवाई की जानकारी ली। आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त कर ली गई है।

 

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि एफआईआर में चार लोगों के नाम दर्ज हैं, जिनमें एक ड्राइवर भी शामिल है। आरोपियों द्वारा दी गई जानकारी को पुलिस क्रॉस-वेरिफाई कर रही है। उन्होंने कहा कि यह संवेदनशील मर्डर केस है और हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल- आज इन राशि वालों के लिए कामकाज रहेगा अच्छा, जानें बाकी राशि वालों का हाल, पढ़े दैनिक राशिफल

 

15 लाख की सुपारी का एंगल
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि अर्जुन शर्मा की हत्या के लिए 15 लाख रुपये की डील हुई थी। हालांकि सुपारी देने वाले व्यक्ति की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आर्थिक लेनदेन, निवेश, पारिवारिक और प्रॉपर्टी विवाद समेत सभी संभावित एंगल की जांच कर रही है।

 

दिनदहाड़े हुई थी सनसनीखेज हत्या
बुधवार सुबह तिब्बती मार्केट और परेड ग्राउंड के पास जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के संचालक अर्जुन शर्मा (42) की स्कूटी सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

 

डालनवाला पुलिस के अनुसार, अर्जुन शर्मा परेड ग्राउंड में लॉन टेनिस खेलने के बाद अपनी गाड़ी की ओर लौट रहे थे। उन्होंने टेनिस किट वाहन में रखी और पास की दुकान से अनानास कटवाया। जैसे ही वह वापस गाड़ी की ओर बढ़े, दो युवक सामने आए और नजदीक से गोली मार दी। गोली उनकी छाती में लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हमलावर नीली स्कूटी से फरार हो गए थे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ दो युवकों ने नाबालिक किशोरी से की दरिंदगी, हैवानियत की करी सारी हदें पार

 

CCTV में पहले से घात लगाए दिखे आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक वारदात से पहले दुकान के बाहर खड़े, सिगरेट पीते और आसपास नजर रखते दिखाई दिए। इससे आशंका जताई गई कि आरोपी पहले से घात लगाकर बैठे थे और मौके की तलाश में थे।

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और भी बड़े खुलासे संभव हैं।