उत्तराखण्डगढ़वाल,

देहरादून में BJP नेता को कुचलने की कोशिश, पिस्टल तानकर अपहरण का प्रयास; वीडियो वायरल

देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष हर्ष वालिया पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार युवकों ने पहले उनकी बाइक को टक्कर मारकर गिराया, फिर पिस्टल तानकर अपहरण की कोशिश की। घटना का एक 39 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

 

 

जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय हर्ष वालिया सोमवार शाम अपने दोस्त के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आई एक आई-20 कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि हर्ष और उनके साथी के साथ पास से गुजर रहा एक स्कूटी सवार भी सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों की कार उन्हें कुचलने की कोशिश में एक दुकान से जा टकराई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि0 लालकुआँ ने 'आंचल मिल्क बूथ' का किया शुभारंभ, पढ़े पूरी खबर।

 

पीड़ित हर्ष वालिया ने बताया कि घटना से पहले उन्हें इलाके में कुछ संदिग्ध युवक और गाड़ियां खड़ी दिखाई दी थीं। कुछ देर बाद एक स्विफ्ट कार ने उन्हें ओवरटेक किया और पीछे से आई दूसरी कार ने टक्कर मार दी। आरोप है कि कार से उतरे हार्दिक शर्मा नाम के युवक ने उनके सिर पर पिस्टल तान दी, जबकि अन्य आरोपियों ने डंडों से मारपीट कर उन्हें जबरन कार में बैठाने की कोशिश की।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं- यहां तेज रफ्तार डंपर ने ग्रामीणों को मारी टक्कर, ग्रामीण की हुई दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम।

 

हर्ष के मुताबिक, शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, जिसका फायदा उठाकर वह पास की दीवार फांदकर भाग निकले और अपनी जान बचाई। इस हमले में उन्हें हाथ और अंगूठे में चोटें आई हैं। घटना में उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं एक स्थानीय निवासी के घर की दीवार भी टूट गई।

 

 

पीड़ित ने बताया कि इस हमले की जड़ 18 अप्रैल को क्लेमनटाउन थाने में हुई एक बहस से जुड़ी है, जहां कुछ आरोपियों के साथ उनकी कहासुनी हुई थी और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ गुलदार का आतंक: डेढ़ वर्षीय बच्ची को घर से उठाकर ले गया गुलदार, जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव

 

 

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आई-20 कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने हर्ष वालिया की शिकायत पर हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा, अभिनव काकरान और चैतन्य शर्मा समेत अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

 

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।