उत्तराखण्डकुमाऊं,

हल्द्वानी: सीएम कार्यक्रम स्थल के पास कार में मिला बैंक्वेट हॉल स्वामी का शव, एसी ऑन और शीशे बंद मिले

सुशीला तिवारी अस्पताल के समीप खड़ी कार से 32 वर्षीय अरुण बिष्ट मृत पाए गए, फॉरेंसिक जांच शुरू

हल्द्वानी में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के बेहद करीब खड़ी एक कार से एक युवक का शव बरामद हुआ। घटना सुशीला तिवारी अस्पताल के पास की है, जहां संदिग्ध हालत में खड़ी कार के भीतर 32 वर्षीय युवक मृत पाए गए। मृतक की पहचान बरेली रोड स्थित एक प्रसिद्ध बैंक्वेट हॉल के स्वामी अरुण बिष्ट के रूप में हुई है।

 

स्थानीय लोगों ने काफी देर तक एक कार को बंद हालत में खड़ा देखा। कार के भीतर कोई व्यक्ति होने की आशंका पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। चूंकि घटनास्थल वीवीआईपी कार्यक्रम क्षेत्र के निकट था, इसलिए सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- यहाँ अनियंत्रित होकर खाई में गिरा पिकअप, दो की मौत, 13 लोग घायल

 

मौके पर पहुंचे सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता ने पुलिस टीम के साथ कार के बंद दरवाजों को तोड़कर युवक को बाहर निकाला। जांच में पाया गया कि कार का एसी ऑन था और सभी शीशे पूरी तरह बंद थे। युवक का शरीर ठंडा पड़ चुका था। आनन-फानन में उसे सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, इन तीन जिलों में कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

 

 

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लंबे समय तक कार के अंदर एसी चलने और शीशे बंद रहने से दम घुटने (सफोकेशन) या कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के रिसाव के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कही है।

 

मामला संवेदनशील क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण पुलिस के साथ-साथ खुफिया विभाग (LIU) भी सक्रिय हो गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कार से फिंगरप्रिंट्स और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, ताकि किसी भी प्रकार की साजिश या अनहोनी की संभावना से इनकार किया जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में गर्मी के लिए रहें तैयार, बढ़ते तापमान का मौसम विभाग ने अलर्ट किया जारी

 

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।