उत्तराखंड मंत्रियों के यात्रा भत्ते में बड़ी बढ़ोतरी, अब मिलेंगे 90 हजार रुपये प्रति माह

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड सरकार ने मंत्रियों के यात्रा भत्ते में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी का फैसला किया है। 29 जनवरी 2026 को जारी आदेश के अनुसार अब मंत्रियों को यात्रा व्यय के रूप में प्रति माह 60 हजार रुपये की जगह 90 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस तरह मंत्रियों के यात्रा भत्ते में सीधे तौर पर 30 हजार रुपये की वृद्धि की गई है।
सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक यह संशोधन उत्तर प्रदेश मंत्री (यात्रा भत्ता) नियमावली 1997 में किया गया है, जिसे अब उत्तर प्रदेश मंत्री (यात्रा भत्ता) (संशोधन) नियमावली 2026 के रूप में लागू किया गया है। संशोधन के तहत नियम 4 में बदलाव किया गया है, जिससे मुख्यमंत्री, राज्य मंत्री और उप मंत्री सहित सभी मंत्रियों को उत्तराखंड या देश के भीतर अपने पदेन दायित्वों के निर्वहन के लिए की गई यात्राओं पर प्रति माह अधिकतम 90 हजार रुपये तक खर्च का दावा करने की अनुमति मिल गई है।
इससे पहले यह सीमा 60 हजार रुपये निर्धारित थी। सरकार के इस निर्णय ने प्रदेश की आर्थिक चुनौतियों के बीच राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा को तेज कर दिया है।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में भी विधायकों के वेतन और भत्तों में बढ़ोतरी की गई थी। उस समय विधायकों को वेतन-भत्तों सहित लगभग 2.90 लाख रुपये प्रतिमाह मिलते थे, जो विधानसभा विविध संशोधन विधेयक-2024 के पारित होने के बाद करीब चार लाख रुपये तक पहुंच गए थे।
इसके अलावा वर्ष 2023 में धामी सरकार ने दायित्वधारियों के मानदेय में वृद्धि की थी, जबकि वर्ष 2025 में पूर्व विधायकों की पेंशन भी बढ़ाई गई थी। मंत्रियों के यात्रा भत्ते में किया गया यह नया इजाफा पिछले वर्षों में किए गए वेतन और भत्तों में लगातार बढ़ोतरी की श्रृंखला का हिस्सा माना जा रहा है।
सरकार के इस फैसले को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं, जबकि आम जनता के बीच भी इसे लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।








