हरिद्वार पेशी के दौरान फिल्मी स्टाइल फायरिंग, विनय त्यागी पर हमला करने वाले दोनों बदमाश गिरफ्तार

हरिद्वार में पेशी के दौरान कुख्यात बदमाश पर हुई फिल्मी स्टाइल फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। लक्सर फ्लाईओवर पर मेरठ के बदमाश विनय त्यागी पर गोलियां चलाने वाले दोनों हमलावरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गुरुवार शाम को खानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव से पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सन्नी यादव और अजय के रूप में हुई है।
पेशी के दौरान किया था हमला, मची थी दहशत
पुलिस के अनुसार, बुधवार को विनय त्यागी को पेशी के लिए पुलिस वाहन से ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने पुलिस वाहन का पीछा किया।
लक्सर फ्लाईओवर के पास जाम लगने के दौरान बदमाशों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
फायरिंग के दौरान हुई क्रॉस फायरिंग में दो कॉन्स्टेबल घायल हो गए, जबकि विनय त्यागी के पैर में गोली लग गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे।
बाइक छोड़कर भागे थे आरोपी, पांच टीमों ने की घेराबंदी
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि वारदात के बाद दोनों आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर पैदल फरार हो गए थे। इससे पुलिस को आशंका थी कि आरोपी आसपास के इलाकों में ही छिपे हो सकते हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच विशेष टीमें गठित की गईं, जबकि पीएसी की तीन प्लाटून भी सर्च ऑपरेशन में लगाई गईं। सघन घेराबंदी और जाल बिछाकर पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
हार्डकोर क्रिमिनल निकले आरोपी, हथियार बरामद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सन्नी यादव और अजय दोनों हार्डकोर क्रिमिनल हैं और उनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
हमले के पीछे की साजिश की जांच जारी
एसपी देहात ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि विनय त्यागी पर हमला किस मकसद से किया गया था और इसके पीछे किसी गैंग या आपराधिक साजिश का हाथ तो नहीं है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।








