देहरादून- सीएम धामी 14 अक्टूबर को देंगे 1347 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र, जल्द ही 2100 बेसिक शिक्षकों की भर्ती भी

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के माध्यम से चयनित 1347 सहायक अध्यापकों (एलटी) को सोमवार 14 अक्टूबर को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। यह नियुक्ति पत्र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों दिए जाएंगे।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर के प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में सभी चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इन शिक्षकों की पहली तैनाती प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में की जाएगी।
न्यायालय के आदेश के बाद प्रक्रिया हुई पूरी
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सहायक अध्यापक (एलटी) भर्ती से जुड़ी न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने चयन सूची विभाग को सौंप दी है। उच्च न्यायालय ने सभी वादों का निस्तारण करते हुए 1347 पदों पर नियुक्ति देने के आदेश पारित किए हैं, जबकि कुछ पदों को रिजर्व रखने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सभी चयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
गढ़वाल मंडल में 681 शिक्षकों को मिलेगी नियुक्ति
गढ़वाल मंडल में सामान्य व महिला शाखा मिलाकर 681 शिक्षकों को तैनाती दी जाएगी। इनमें —
हिंदी: 112
अंग्रेजी: 98
संस्कृत: 9
गणित: 66
विज्ञान: 109
सामान्य विषय: 109
कला: 103
व्यायाम: 59
गृह विज्ञान: 3
वाणिज्य: 11
संगीत: 2
कुमाऊं मंडल में 671 शिक्षकों को तैनाती
कुमाऊं मंडल में 671 पदों पर नियुक्ति दी जाएगी, जिनमें —
हिंदी: 90
अंग्रेजी: 73
संस्कृत: 12
गणित: 89
विज्ञान: 88
सामान्य विषय: 128
कला: 127
व्यायाम: 45
गृह विज्ञान: 8
संगीत: 6
उर्दू: 1
वाणिज्य: 4
जल्द होगी 2100 बेसिक व 800 प्रवक्ताओं की भर्ती
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर विद्यालय में विषयवार शिक्षक उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में शीघ्र ही प्राथमिक शिक्षा विभाग में 2100 सहायक अध्यापकों की नियुक्ति और माध्यमिक शिक्षा विभाग में 800 से अधिक प्रवक्ताओं की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार लगातार शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की दिशा में कार्य कर रही है ताकि किसी भी विद्यालय में शिक्षकों की कमी न रहे।
📅 कार्यक्रम स्थल: राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर
🕘 तारीख: 14 अक्टूबर 2025
👤 मुख्य अतिथि: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
