देहरादून- केंद्रीय बजट से उत्तराखंड में शुरू होंगे ₹40 हजार करोड़ के काम, विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर: सीएम धामी

देहरादून न्यूज़– मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि केंद्रीय बजट के माध्यम से उत्तराखंड में करीब 40 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में विकास और पर्यावरण संरक्षण—दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है, इसी कारण केंद्रीय बजट में राज्य के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने केंद्रीय बजट को उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों के लिए संतुलित और क्षेत्रीय विकास की बड़ी संभावनाएं लेकर आने वाला बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने वाला है। उन्होंने बताया कि 16वें वित्त आयोग से राज्य को 1800 करोड़ रुपये अतिरिक्त मिलने की संभावना है, जिससे विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
सीएम धामी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग ट्रेल्स के विकास से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय युवाओं को गाइड के रूप में कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही बादाम और अखरोट जैसी नकदी फसलों को प्रोत्साहन दिया जाएगा, जिससे पहाड़ी अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योगों के पुनर्जीवन से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और राज्य की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।
मुख्यमंत्री ने बजट को भारत के भविष्य की अर्थव्यवस्था को ध्यान में रखकर तैयार किया गया बताया।
इसके साथ ही सीएम धामी ने कहा कि राज्य में आयुष एम्स की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से निवेदन किया जाएगा, जिससे आयुष और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी।








