उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तराखंड के 3 निकायों में चुनाव प्रक्रिया शुरू, 10 हजार से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में तीन निकायों के सामान्य निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना जारी होने के बाद नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल), नगर पंचायत गढ़ीनेगी (ऊधम सिंह नगर) और नगर पंचायत पाटी (चंपावत) में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। तीनों निकायों में कुल 10,251 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

 

नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर में सात वार्ड बनाए गए हैं। यहां आठ मतदान स्थलों पर कुल 3596 मतदाता वोट डालेंगे, जिनमें 1623 महिला और 1973 पुरुष मतदाता शामिल हैं। वहीं नगर पंचायत गढ़ीनेगी में सात वार्डों के लिए सात मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4671 मतदाता मतदान करेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी, मौके पर मची चीख- पुकार

 

इसी तरह नगर पंचायत पाटी में चार वार्डों के लिए चार मतदान स्थल निर्धारित किए गए हैं। यहां कुल 1984 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। तीनों निकायों को मिलाकर कुल 18 वार्ड और 19 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

 

प्रशासन ने चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए तैयारियां पूरी होने का दावा किया है। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जरूरतमंद मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए वाहन सुविधा भी दी जाएगी। सभी मतदान स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल जिले में भाजपा ने नियुक्त किए नए मंडल अध्यक्ष, देखे लिस्ट

 

निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि प्रत्याशियों के शपथ पत्र, आपराधिक और वित्तीय पृष्ठभूमि से जुड़ी जानकारी जिला प्रशासन की वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाएगी, ताकि मतदाता उम्मीदवारों के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर जागरूक होकर मतदान कर सकें।

 

मतपत्रों के रंग तय
राज्य निर्वाचन आयोग ने अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए मतपत्रों के रंग भी निर्धारित कर दिए हैं। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए हरे रंग, नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए गुलाबी रंग और सदस्य पद के लिए सफेद रंग के मतपत्र का इस्तेमाल किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  घने कोहरे और शीतलहर के चलते नैनीताल के भाबर क्षेत्रों में कक्षा 1 से 5 तक के स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र दो दिन रहेंगे बंद

 

चुनाव खर्च की सीमा निर्धारित
चुनाव व्यय की सीमा भी तय कर दी गई है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अधिकतम छह लाख रुपये तक चुनाव खर्च कर सकेंगे, जबकि सदस्य पद के लिए यह सीमा 80 हजार रुपये रखी गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी तीन लाख रुपये और सदस्य पद के प्रत्याशी 50 हजार रुपये तक चुनाव व्यय कर सकेंगे।