उत्तराखण्डकुमाऊं,

भूमि धोखाधड़ी से टूटे किसान ने हल्द्वानी में की आत्महत्या, परिजनों ने 25 से अधिक लोगों पर लगाए गंभीर आरोप, FIR दर्ज

हल्द्वानी/काशीपुर– ऊधमसिंह नगर जनपद में भूमि खरीद–फरोख्त के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी से मानसिक रूप से टूटे एक किसान ने हल्द्वानी के एक होटल में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना आईटीआई, ऊधमसिंह नगर में प्रॉपर्टी डीलरों समेत 25 से अधिक लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, मृतक सुखवन्त सिंह पुत्र तेजा सिंह, निवासी पैगा, काशीपुर ने अपने भाई के साथ ग्राम बक्सौरा, कुण्डा निवासी बलवन्त सिंह उर्फ काला व कुलवन्त सिंह की भूमि खरीदने का सौदा किया था। आरोप है कि उक्त भूमि पहले ही काशीपुर के प्रॉपर्टी डीलरों अमरजीत सिंह, आशीष चौहान उर्फ पटवारी और कुलविन्दर सिंह को बेची जा चुकी थी। इसके बावजूद सौदे की प्रक्रिया इन्हीं प्रॉपर्टी डीलरों के माध्यम से कराई गई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- यहाँ कुमाऊं कमिश्नर ने रिहायशी क्षेत्र में चल रही नकली पेंट की फैक्ट्री पकड़ी, फैक्ट्री मालिक के ऊपर मुकदमा दर्ज करने के लिए निर्देश

 

परिजनों का आरोप है कि 34 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से कुल 6.84 एकड़ भूमि खरीदने के लिए सुखवन्त सिंह द्वारा लगभग 3 करोड़ 82 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों और नकद के माध्यम से आरोपियों को दिए गए। इसके बावजूद न तो भूमि की रजिस्ट्री कराई गई और न ही दी गई रकम वापस की गई। बार-बार संपर्क करने पर आरोपियों द्वारा टालमटोल की जाती रही।

यह भी पढ़ें 👉  एलबीएस में आयोजित नशे के खिलाफ संगोष्ठी में छात्र छात्राओं को किया गया जागरूक।

 

पीड़ित परिवार का कहना है कि इस धोखाधड़ी के चलते सुखवन्त सिंह पर लगातार मानसिक, आर्थिक और सामाजिक दबाव बढ़ता गया। लंबे समय तक न्याय न मिलने और उत्पीड़न से आहत होकर वह गहरे अवसाद में चले गए। अंततः 10 जनवरी 2026 की रात हल्द्वानी स्थित देवभूमि होटल के एक कमरे में उन्होंने खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  बेतालघाट में कम्बल वितरण के दौरान भगदड़, दीवार ढही; 6 घायल, आयोजकों पर मुकदमा दर्ज

 

मृतक के भाई ने तहरीर में अमरजीत सिंह, आशीष चौहान उर्फ पटवारी, कुलविन्दर सिंह सहित उनके परिजनों, कथित साझेदारों और रिश्तेदारों समेत कुल 25 से अधिक लोगों को इस पूरे प्रकरण का जिम्मेदार ठहराया है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।