कोटद्वार: श्री सिद्धबली मंदिर में स्वयंसेवकों व श्रद्धालुओं में मारपीट, महिला ने लगाए अभद्रता व हमला करने के आरोप

कोटद्वार न्यूज़- प्रसिद्ध श्री सिद्धबली मंदिर में दर्शन के दौरान स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला लात-घूंसों तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में श्रद्धालु महिला की ओर से पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित रामलीला टीला निवासी श्रद्धालुओं का एक जत्था श्री सिद्धबली मंदिर दर्शन के लिए कोटद्वार पहुंचा था। इसी दौरान जत्थे में शामिल एक महिला अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर मंदिर परिसर में अस्थाई रूप से बंद रास्ते से मन्नत का धागा खोलने के लिए आगे बढ़ने लगी।
मौके पर तैनात स्वयंसेवक ने महिला को उक्त मार्ग से जाने से रोक दिया। श्रद्धालु महिला का आरोप है कि इस दौरान स्वयंसेवक ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। महिला के साथ मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने जब इसका विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में अन्य स्वयंसेवक भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं पर डंडों से हमला किया, जिसमें श्रद्धालु गौरव और कार्तिक को हल्की चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर मौजूद पुलिस और अन्य श्रद्धालुओं ने हस्तक्षेप कर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद श्रद्धालुओं की ओर से कोटद्वार पुलिस को तहरीर सौंपते हुए दोषी स्वयंसेवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और वायरल वीडियो के आधार पर घटना की सत्यता की जांच की जा रही है।








