हल्द्वानी: गोरापड़ाव डकैती कांड में चार और आरोपी गिरफ्तार, चार तमंचे और दो वाहन बरामद

हल्द्वानी न्यूज- गोरापड़ाव के तीनपानी क्षेत्र में हथियारों के बल पर हुई लाखों रुपये की डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त क्रेटा और स्कॉर्पियो वाहन, चार अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस और 18 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है। इस मामले में दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को गोरापड़ाव के तीनपानी क्षेत्र में 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों द्वारा डकैती की सूचना मिली थी। शिकायत के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। वादी ने बताया था कि बदमाश करीब आठ लाख रुपये की नकदी, 12 मोबाइल फोन तथा सोने की चेन और अंगूठियां लूटकर फरार हो गए थे।
50 पुलिसकर्मियों की टीम ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित कीं। जांच में एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों को लगाया गया। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और सुरागरसी के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की।
दिल्ली से किच्छा तक दबिश, चार गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि अमनदीप सिंह और शिवराज सिंह को 22 अगस्त को नई दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर-जैतपुर मोड़ से गिरफ्तार किया गया। वहीं यश सिडाना को 23 अगस्त को हल्द्वानी और अफजल मलिक को 23 अगस्त को किच्छा से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश सिडाना (24), अमनदीप सिंह (21), शिवराज सिंह (21) और अफजल मलिक (21) के रूप में हुई है।
आरोपियों से यह सामान बरामद
पुलिस के मुताबिक यश सिडाना के कब्जे से क्रेटा कार और एक तमंचा व दो कारतूस, अमनदीप सिंह से स्कॉर्पियो और एक तमंचा व दो कारतूस, शिवराज सिंह से तमंचा और एक कारतूस तथा अफजल मलिक से 18 हजार रुपये, 12 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने डकैती की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। वहीं कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल ने 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।








