हल्द्वानी- जमीन के सीमांकन के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप, राजस्व निरीक्षक निलंबित

हल्द्वानी न्यूज़- नैनीताल जिले के हल्द्वानी में जमीन के सीमांकन के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शुरुआती जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद राजस्व निरीक्षक रमेश चन्द्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में अब विभागीय जांच भी कराई जाएगी। साथ ही अधिकारी की पूर्व तैनाती के दौरान के कामकाज की रिपोर्ट भी तलब की जाएगी।
उपजिलाधिकारी हल्द्वानी की 21 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, शिकायतकर्ता तनोज तिवारी ने 14 नवंबर को शाम 4:29 बजे व्हाट्सऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत हिम्मतपुर तल्ला स्थित उनके प्लॉट की जमीन पर अतिक्रमण से जुड़ी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब 5.5 फीट चौड़ी और 80 फीट गहरी जमीन पर अतिक्रमण किया गया है। जमीन का कुल क्षेत्रफल लगभग 440 वर्ग फीट बताया गया है।
तनोज तिवारी ने 21 नवंबर को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि 20 नवंबर को बग्वाल की छुट्टी के दिन राजस्व निरीक्षक रमेश चन्द्र ने उन्हें अपने कार्यालय बुलाया। इसके बाद निरीक्षक ने विवादित जमीन का मौका मुआयना किया और इसके एवज में 9,700 रुपये मांगे। आरोप है कि जमीन से संबंधित दस्तावेज लेने के बाद जल्द कार्रवाई करने के नाम पर दोबारा 50 हजार रुपये की मांग की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार हल्द्वानी ने 21 नवंबर को राजस्व निरीक्षक रमेश चन्द्र से जवाब तलब किया था। वहीं, शिकायतकर्ता तनोज तिवारी ने तहसीलदार कार्यालय पहुंचकर भी मामले से जुड़े तथ्य और अपनी शिकायत प्रस्तुत की।
उपजिलाधिकारी ने उपलब्ध तथ्यों और प्रारंभिक जांच के आधार पर उत्तराखंड कर्मचारी आचरण नियमावली, 2002 के तहत राजस्व निरीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की। इसके बाद जिलाधिकारी ने निलंबन के आदेश जारी कर दिए।
प्रशासन अब रमेश चन्द्र की हरिद्वार में पिछली तैनाती के दौरान उनके आचरण और कार्यशैली से संबंधित रिपोर्ट भी मंगाएगा। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष विभागीय जांच कराई जाएगी।










