उत्तराखण्डकुमाऊं,

काशीपुर में रिटायर्ड फौजी की खौफनाक करतूत, कॉन्स्टेबल की पत्नी और दो बच्चों पर खुखरी से हमला; खुद अस्पताल लेकर पहुंचा आरोपी

उत्तराखंड के काशीपुर में एक रिटायर्ड फौजी ने यूपी पुलिस के कॉन्स्टेबल की पत्नी और दो मासूम बच्चों पर खुखरी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ही तीनों को अपनी कार से अस्पताल लेकर पहुंचा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में महिला से प्रेम संबंध, साथ रहने का दबाव और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है।

 

 

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान मुरादाबाद जिले के डिलारी निवासी संजय कुमार के रूप में हुई है। वह CRPF से वर्ष 2024 में VRS ले चुका है। उसकी यूपी पुलिस में तैनात कॉन्स्टेबल सचिन कुमार से पहले से जान-पहचान थी। सचिन की पत्नी रिंकी अपने दो बच्चों के साथ काशीपुर के खड़कपुर देवीपुरा इलाके में रहती थीं।

 

 

पुलिस पूछताछ में सामने आई ये कहानी

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- यहाँ स्पा सेंटर पर चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़, महिला समेत चार गिरफ्तार, पांच पीड़िताएं मुक्त

पुलिस के अनुसार, सचिन कुमार ने संजय से कुछ रुपये उधार लिए थे, जिन्हें वह वापस नहीं कर पाए। इसी दौरान संजय ने सचिन की पत्नी रिंकी का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और उनके बीच प्रेम संबंध बन गए। आरोपी रिंकी के साथ रहना चाहता था और इसके लिए लिव-इन रिलेशनशिप का सर्टिफिकेट बनवाने की बात भी कह रहा था। हालांकि, रिंकी अपने पति को छोड़ने के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

 

 

घर पहुंचकर खुखरी से किया हमला

पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर की रात संजय खड़कपुर देवीपुरा स्थित रिंकी के घर पहुंचा। वहां उसने महिला से अपने साथ चलने को कहा। रिंकी के इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने खुखरी निकालकर रिंकी पर हमला कर दिया। मां को बचाने के लिए दोनों बच्चे बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी वार कर दिए। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  दीवाली 2024- सैनिकों संग दीपावली मनाने लैंसडौन पहुंचे सीएम धामी, प्रदेशवासियों को दीं दीवाली की शुभकामनाएं

 

 

 

घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी खुद ही तीनों घायलों को अपनी कार से अस्पताल लेकर पहुंचा।

 

 

 

पति को फोन कर दी थी हमले की सूचना

घटना के समय रिंकी के पति सचिन कुमार बरेली से ट्रेन के जरिए काशीपुर लौट रहे थे। 18 नवंबर की रात करीब नौ बजे वह काशीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे ही थे कि उनकी पत्नी का फोन आया। रिंकी ने उन्हें बताया कि संजय ने उन पर और बच्चों पर हमला कर दिया है। इसके बाद फोन पर संपर्क टूट गया।

 

 

 

सचिन तुरंत घर पहुंचे तो मुख्य गेट के बाहर खून फैला हुआ था। पड़ोसियों ने बताया कि उनकी पत्नी और दोनों बच्चों को एक व्यक्ति कार से अस्पताल लेकर गया है। बाद में उन्हें पता चला कि तीनों अस्पताल में भर्ती हैं। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल तीनों का इलाज दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में चल रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआँ- इंडियन ऑयल डिपो के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

 

 

 

आरोपी गिरफ्तार, खुखरी और कार बरामद

घटना की सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।

 

 

 

जांच के बाद पुलिस ने आरोपी संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खुखरी, कार और पीड़ित परिवार के सामान से भरे दो बैग बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।