हल्द्वानी- देश की सीमा पर तैनात जवान से ठगी, हल्द्वानी में मां-बेटी पर केस दर्ज
हल्द्वानी में मां-बेटी पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, धमकी देने का भी आरोप

हल्द्वानी न्यूज़- सियाचिन में तैनात एक फौजी से मकान का सौदा कर 30 लाख रुपये लेने के बावजूद रजिस्ट्री किसी अन्य व्यक्ति के नाम करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर पीड़ित फौजी को धमकी दी गई और संपर्क भी बंद कर दिया गया। मामले में हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने आरोपी मां-बेटी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खन्स्यू क्षेत्र के देवली पोस्ट अंतर्गत ग्राम कोडार निवासी कमल चंद्र कुडाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने तल्ली हल्द्वानी स्थित वसुंधरा कॉलोनी में रहने वाली निर्मला सिंह से एक मकान खरीदने का सौदा किया था। 12 दिसंबर 2024 को दोनों पक्षों के बीच इकरारनामा हुआ, जिसकी वैधता अवधि 12 दिसंबर 2024 से 12 अक्टूबर 2025 तक निर्धारित थी।
पीड़ित के अनुसार, निर्मला सिंह और उनकी बेटी ज्योति मलिक ने तय समय से पहले ही उनसे कुल 30 लाख रुपये ले लिए। यह राशि बैंक खातों के माध्यम से और नकद दी गई। कमल चंद्र ने बताया कि सियाचिन में तैनाती के बावजूद उन्होंने किसी तरह पैसों का इंतजाम कर आरोपियों को भुगतान किया।
कुछ समय बाद उन्हें जानकारी मिली कि आरोपियों ने वही मकान किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है। जब उन्होंने इस बारे में जानकारी लेने की कोशिश की तो निर्मला सिंह ने कथित तौर पर उन्हें धमकी दी और मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया।
कमल चंद्र छुट्टी लेकर हल्द्वानी पहुंचे और पहले मंडी चौकी में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोपियों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशों की भी अनदेखी की। बताया गया कि कमिश्नर के आदेश और डीजीसी के नोटिस के बावजूद आरोपियों ने कोई जवाब नहीं दिया।
इकरारनामा में यह भी स्पष्ट उल्लेख है कि यदि विक्रेता सौदे से मुकरता है तो उसे प्राप्त धनराशि का दोगुना लौटाना होगा।
हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मेहता ने बताया कि कमल चंद्र कुडाई की तहरीर के आधार पर निर्मला सिंह और ज्योति मलिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।








