उत्तराखण्डकुमाऊं,

धामी सरकार के 4 साल पूरे: 21 मार्च को हल्द्वानी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की विशाल जनसभा

हल्द्वानी न्यूज़– उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार साल पूरे होने पर भाजपा ने जनसभाओं के जरिए शक्ति प्रदर्शन शुरू कर दिया है। 23 मार्च को सरकार के चार साल पूरे होने जा रहे हैं, जिसके तहत बड़े नेताओं की रैलियों का दौर जारी है। हरिद्वार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभा के बाद अब 21 मार्च को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हल्द्वानी में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, नारायण दत्त तिवारी के बाद उत्तराखंड के सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री बन चुके हैं। वह लगातार साढ़े चार साल से अधिक समय से सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। खास बात यह भी है कि धामी उन नेताओं में शामिल हैं, जो विधानसभा चुनाव हारने के बावजूद मुख्यमंत्री बने और उनके नेतृत्व में भाजपा ने सत्ता में दोबारा वापसी कर मिथक तोड़ा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ फर्जी बीएड डिग्री से बना था शिक्षक, कोर्ट ने सुनाई 5 साल की सजा, 10 हजार का लगाया जुर्माना

 

कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में इस बार चार साल पूरे होने का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा मोतीराम बाबू राम इंटर कॉलेज मैदान में होगी, जहां पहले भी उनकी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभाएं हो चुकी हैं।
इस जनसभा को लेकर पार्टी ने करीब 50 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है। कार्यक्रम की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून में फर्जी शस्त्र लाइसेंस का भंडाफोड़, एसटीएफ ने अवैध पिस्टल के साथ आरोपी दबोचा

 

पार्टी संगठन ने 15 विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों, दायित्वधारियों और टिकट के दावेदारों को भीड़ जुटाने का टास्क दिया है। इसे संभावित उम्मीदवारों के शक्ति परीक्षण के तौर पर भी देखा जा रहा है, जिस पर मुख्यमंत्री धामी और संगठन की खास नजर है।

 

 

दरअसल, 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुकी है। सरकार अपनी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर जनसभाएं आयोजित कर रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मैदानी इलाकों में दो बड़ी सभाओं के बाद श्रीनगर (गढ़वाल), उत्तरकाशी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- (बड़ी खबर) त्रिस्तरीय पंचायतों में आरक्षण हुआ तय, शासनादेश हुआ जारी, 2011 की जनगणना के आधार पर किया निर्धारण

 

सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय नेतृत्व ने सभी विधानसभा सीटों पर संभावित दावेदारों का सर्वे भी शुरू कर दिया है। पिछली बार की तरह इस बार भी कई मौजूदा विधायकों के टिकट कटने और नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।

 

कार्यक्रम के तहत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 मार्च को पहले बरेली पहुंचेंगे, इसके बाद नैनीताल के घोड़ाखाल सैनिक स्कूल के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। दोपहर करीब 1:30 बजे से 3:15 बजे तक वह हल्द्वानी में जनसभा को संबोधित करेंगे और इसके बाद वापस बरेली रवाना हो जाएंगे।