रामनगर में तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर, पलटने से महिला की मौत, कई घायल

शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था परिवार, नेशनल हाईवे-309 पर चिल्किया के पास हुआ भीषण हादसा, कार चालक को पुलिस ने पकड़ा
नैनीताल जिले के रामनगर में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-309 पर चिल्किया के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने पीछे से शादी समारोह में जा रहे एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर कई बार पलट गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक युवक का पैर एड़ी के पास से कटकर अलग हो गया। हादसे में चार बच्चों समेत 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, रामनगर के मोहल्ला खताड़ी निवासी रुखसाना अपने परिवार के सदस्यों और बच्चों के साथ ऑटो (UK18TA-1804) में सवार होकर पीरूमदारा स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान टांडा चिल्किया में राइस मिल के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार (UK19TA-1298) ने ऑटो को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद सड़क पर कई बार पलटा ऑटो
कार की टक्कर लगते ही ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में ऑटो सवार लोग गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
महिला की मौत, युवक का पैर कटकर हुआ अलग
हादसे में 50 वर्षीय रुखसाना की मौत हो गई। वहीं, 30 वर्षीय चांदनी का पैर एड़ी के पास से कटकर अलग हो गया। इसके अलावा रिजवान के सिर में गंभीर चोट आई है। चांदनी को पैर जोड़ने के लिए प्लास्टिक सर्जन और रिजवान को न्यूरोसर्जन की जरूरत के चलते हायर सेंटर रेफर किया गया है।
सात घायलों को उपचार के बाद मिली छुट्टी
हादसे में घायल सौफिया, रूखसार, अब्दुल रहमान, अनंता, हमजा, नासिर और सलीम समेत सात लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, तीन अन्य घायलों का फ्रैक्चर और दूसरी चोटों के चलते उपचार जारी है।
हादसे के बाद फरार हुआ चालक, पुलिस ने पकड़ा
हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने बाद में कार को पकड़ लिया। पीरूमदारा चौकी इंचार्ज वीरेंद्र बिष्ट के अनुसार, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को टक्कर मारने वाली कार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। चालक को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









