हल्दूचौड़ की 11 वर्षीय छात्रा ईशानी ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान, मिला अंतरराष्ट्रीय ‘नृत्य कलिंग राजश्री अवार्ड’

लालकुआं न्यूज़– हल्दूचौड़ की 11 वर्षीय प्रतिभाशाली छात्रा ईशानी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। ओडिशा के कटक स्थित कला विकास केंद्र में 25 एवं 26 जुलाई को आयोजित प्रतिष्ठित कलिंग महोत्सव-2026 में ईशानी ने भरतनाट्यम के जूनियर वर्ग की एकल प्रस्तुति में प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
भारतीय शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम में उत्कृष्ट प्रस्तुति एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए ईशानी को समारोह में प्रतिष्ठित ‘अंतरराष्ट्रीय नृत्य कलिंग राजश्री अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। देश-विदेश के कलाकारों की मौजूदगी में मिली इस उपलब्धि ने उत्तराखंड को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान दिलाई है।
ईशानी की यह सफलता वर्षों की मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। वह वर्तमान में प्रसिद्ध भरतनाट्यम गुरु शुभम खोवल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। इससे पहले भी वह हरिद्वार और नई दिल्ली में आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की नृत्य प्रतियोगिताओं में कई पुरस्कार अपने नाम कर चुकी हैं।
दिल्ली पब्लिक स्कूल की कक्षा सात की छात्रा ईशानी के पिता प्रेम शंकर जोशी (शास्त्री) समाजसेवी एवं शास्त्री मेडिकल स्टोर के संचालक हैं, जबकि उनकी माता हेमा जोशी शिक्षिका हैं। बेटी की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर परिवार, विद्यालय, गुरुजनों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। सभी ने ईशानी को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी तरह देश और प्रदेश का नाम रोशन करने की कामना की।







