नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी का आकस्मिक निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

हल्द्वानी न्यूज़- नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का शनिवार को अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पत्रकारिता जगत, जिला सूचना कार्यालय और उनके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि माह के द्वितीय शनिवार को अवकाश होने के बावजूद गिरिजा शंकर जोशी हल्द्वानी स्थित अपने आवास से बाइक लेकर मीडिया सेंटर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही उन्होंने बाइक स्टार्ट करने के लिए किक मारी, इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ। कुछ ही क्षणों में उनकी हालत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया।
गिरिजा शंकर जोशी अपने मिलनसार, सहज और जिंदादिल स्वभाव के लिए जाने जाते थे। अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों के साथ उनका आत्मीय एवं सहयोगात्मक व्यवहार हमेशा चर्चा में रहा। पत्रकारों से जुड़े कार्यों को लेकर भी वह लगातार सक्रिय रहते थे और पत्रकारों के साथ उनका व्यवहार बेहद अपनत्व भरा था।
हल्द्वानी में नए मीडिया सेंटर की नींव और पत्रकारों के लिए प्रस्तावित गेस्ट हाउस जैसी महत्वपूर्ण पहल को उनके कार्यकाल की उल्लेखनीय उपलब्धियों में माना जा रहा है। उनके असमय निधन से पत्रकारिता जगत में गहरा शोक है और उनके सहकर्मी व परिचित उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
उनके निधन पर जिला सूचना कार्यालय, लालकुआं प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों, अधिकारियों और शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अंतिम संस्कार रविवार को: गिरिजा शंकर जोशी की शव यात्रा रविवार सुबह 9 बजे हल्द्वानी स्थित उनके आवास से निकाली जाएगी। इसके बाद चित्राशिला घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।








