Uttarakhand Agniveer Rally: अग्निवीर भर्ती का शेड्यूल जारी, 5 से 23 अक्टूबर तक रुड़की में होगी रैली; जानें किस जिले की कब बारी

रुड़की न्यूज़- सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। अग्निवीर भर्ती रैली का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। रुड़की में 5 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE-2027) पास कर चुके अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
भर्ती रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), टेक्निकल, ट्रेड्समैन और क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल (SKT) पदों के लिए शारीरिक परीक्षा होगी। सेना के मुताबिक उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के 20 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों के रैली में शामिल होने की उम्मीद है। इन युवाओं ने अप्रैल में आयोजित कॉमन एंट्रेंस एग्जाम में हिस्सा लिया था।
अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए सेना ने स्थानीय प्रशासन से भी सहयोग मांगा है। युवाओं के ठहरने, पानी, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन तैयारी कर रहा है। रुड़की के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के अनुसार, सेना की ओर से भर्ती रैली को लेकर जानकारी मिल चुकी है। अभ्यर्थियों के लिए रहने और सोने की व्यवस्था के साथ ई-रिक्शा के किराए को नियंत्रित करने और परिवहन व्यवस्था बेहतर करने पर भी काम किया जाएगा। इस संबंध में अधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी।
11 अक्टूबर को गढ़वाल के सात जिलों के अभ्यर्थियों की बारी
क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल (SKT) के लिए 5 से 12 अक्टूबर तक अलग-अलग आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (ARO) के अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा होगी। 11 अक्टूबर को ARO लैंसडाउन के अंतर्गत आने वाले गढ़वाल के सात जिलों के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। इनमें चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी शामिल हैं।
वहीं, 5 अक्टूबर को अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चंपावत, पिथौरागढ़ और बरेली क्षेत्र के अभ्यर्थियों की प्रक्रिया होगी। इसके बाद 6 अक्टूबर को अयोध्या, 7 अक्टूबर को मेरठ, 8 और 9 अक्टूबर को आगरा, 10 अक्टूबर को लखनऊ और 12 अक्टूबर को वाराणसी क्षेत्र के अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा होगी।
GD भर्ती के लिए जिलेवार कार्यक्रम जारी
अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD) के लिए उत्तराखंड के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया 13 से 19 अक्टूबर तक चलेगी। इसके लिए जिलेवार तारीख निर्धारित की गई है। 13 अक्टूबर को उत्तरकाशी, 14 अक्टूबर को चमोली और 15 अक्टूबर को टिहरी गढ़वाल के अभ्यर्थियों की प्रक्रिया होगी।
इसके बाद 16 और 17 अक्टूबर को पौड़ी गढ़वाल, जबकि 18 और 19 अक्टूबर को रुद्रप्रयाग, देहरादून और हरिद्वार के निर्धारित क्षेत्रों के अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे।
20 अक्टूबर को टेक्निकल और ट्रेड्समैन की भर्ती
20 अक्टूबर को अग्निवीर टेक्निकल और ट्रेड्समैन पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें 8वीं और 10वीं पास अभ्यर्थी निर्धारित योग्यता के अनुसार शामिल होंगे। इसके बाद 21 से 23 अक्टूबर तक मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।
रैली स्थल पर अभ्यर्थियों की दौड़ समेत अन्य शारीरिक परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और बायोमेट्रिक जांच की जाएगी। सेना ने अभ्यर्थियों को आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ रखने के निर्देश भी दिए हैं।
एडमिट कार्ड समेत ये दस्तावेज लाना जरूरी
रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, ऑनलाइन जनरेटेड पुलिस चरित्र प्रमाण पत्र और 20 रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे। इसके अलावा शैक्षिक प्रमाण पत्र, मार्कशीट, अधिवास प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र भी आवश्यक होंगे।
अभ्यर्थियों को स्कूल चरित्र प्रमाण पत्र, धर्म प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र और अविवाहित प्रमाण पत्र भी लाना होगा। एनसीसी, खेल या रिलेशन प्रमाण पत्र लागू होने पर प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। सेना ने सभी मूल दस्तावेजों के साथ तीन सेट फोटो कॉपी लाने के निर्देश दिए हैं।
पिछली भर्ती में तीन हजार से ज्यादा युवाओं का हुआ था चयन
उत्तराखंड में इससे पहले जनवरी 2026 में कोटद्वार में अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की गई थी, जिसमें तीन हजार से अधिक अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। अब CEE-2027 पास कर चुके युवाओं के लिए रुड़की में भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण आयोजित किया जा रहा है।
सेना ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने एडमिट कार्ड में निर्धारित तारीख पर ही भर्ती स्थल पहुंचें और सभी जरूरी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी तीन सेट फोटो कॉपी अवश्य लेकर आएं।








