लालकुआं दुग्ध संघ ने प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान, मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मुकेश बोरा को किया सम्मानित

वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए घोषित हुआ उत्तराखंड का सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ, बेहतर प्रदर्शन से बढ़ाया नैनीताल जिले का मान
लालकुआं न्यूज़- दुग्ध उत्पादन और सहकारिता के क्षेत्र में लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने प्रदेशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। बेहतर कार्यप्रणाली, दुग्ध उपार्जन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर लालकुआं दुग्ध संघ को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए उत्तराखंड का सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ घोषित किया गया है। इस बड़ी उपलब्धि से लालकुआं सहित पूरे नैनीताल जनपद का मान बढ़ा है।
उत्तराखंड सहकारी डेरी फेडरेशन लिमिटेड की ओर से जारी प्रमाण-पत्र के अनुसार, 20 हजार लीटर से अधिक दैनिक प्रसंस्करण क्षमता वाले मैदानी क्षेत्र के दुग्ध संघों की श्रेणी में वित्तीय वर्ष 2025-26 के उपार्जन संबंधी गतिविधियों के आंकड़ों के आधार पर लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए चयन किया गया है।
शक्तिफार्म, ऊधम सिंह नगर में आयोजित पशुपालन चिंतन गोष्ठी एवं मेले में प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने लालकुआं दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा को सम्मानित कर सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ का पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान मंत्री ने संघ के प्रदर्शन की सराहना करते हुए इस उपलब्धि को सहकारिता क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस संबंध में जारी प्रमाण-पत्र पर उत्तराखंड सहकारी डेरी फेडरेशन के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा, महाप्रबंधक आरएम तिवारी और उप महाप्रबंधक पीएस नागपाल के हस्ताक्षर हैं।
लालकुआं दुग्ध संघ को मिला यह सम्मान संघ की बेहतर प्रबंधन व्यवस्था, कार्यप्रणाली और दुग्ध उत्पादकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों की मेहनत, दुग्ध समितियों की सक्रियता और सहकारी व्यवस्था के सहयोग से संघ ने प्रदेश में यह मुकाम हासिल किया है। इस उपलब्धि से क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों में भी खुशी का माहौल है।










