हल्द्वानी में रफ्तार का डबल कहर! आधे घंटे में दो हादसे, महिला समेत दो की मौत

हल्द्वानी न्यूज़- शहर में बुधवार को तेज रफ्तार का कहर दो परिवारों पर भारी पड़ गया। महज आधे घंटे के अंतराल में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला और एक पुरुष की दर्दनाक मौत हो गई। पहला हादसा काठगोदाम में हुआ, जहां पत्नी को लेने जा रहे स्कूटी सवार को कैंटर ने कुचल दिया। वहीं, दूसरे हादसे में तिकोनिया के पास सड़क पार कर रही महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
पत्नी को लेने जा रहे पति को कैंटर ने मारी टक्कर
पहला हादसा बुधवार सुबह करीब 10 बजे काठगोदाम स्थित सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र के पास हुआ। दमुवादूंगा इंदिरा नगर निवासी 46 वर्षीय इरशाद अहमद स्कूटी से गौलापार की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी गौलापार में एएनएम के पद पर तैनात हैं और इरशाद उन्हें लेने जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में इरशाद गंभीर रूप से घायल हो गए। हेलमेट पहने होने के बावजूद उनके सिर पर गंभीर चोट आई। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें तत्काल अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दवा लेने आई महिला को अज्ञात वाहन ने कुचला
दूसरा हादसा करीब आधे घंटे बाद सुबह 10:30 बजे तिकोनिया क्षेत्र में हुआ। भवाली के रानीखेत रोड, वार्ड नंबर सात निवासी 47 वर्षीय ममता बिष्ट दवा खरीदने हल्द्वानी आई थीं। बताया जा रहा है कि सवारी वाहन से उतरने के बाद वह पैदल सड़क पार कर अस्पताल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। ममता सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़ी थीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो बाइक सवार युवकों ने मानवता दिखाते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ममता के पति आनंद सिंह बिष्ट भवाली स्थित आंचल दुग्ध केंद्र में संविदा कर्मी हैं। परिवार में उनके दो बेटे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
दोनों हादसों के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, तिकोनिया में महिला को टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने शहर में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।










